धूमधाम से मनाया गया 30वां स्थापना दिवस
श्रद्धा एवं भक्ति भाव के साथ कार्यक्रम सम्पन्नअखण्ड रामायण पाठ, हवन के साथ हुआ भण्डारा
सरायख्वाजा, जौनपुर। स्थानीय क्षेत्र के धौरईल गांव स्थित हनुमान जी मंदिर का स्थापना दिवस श्रद्धा, भक्ति एवं उत्साह के साथ मनाया गया। मंदिर परिसर में श्रीराम चरित मानस अखंड रामायण पाठ, हवन-पूजन तथा भंडारे का आयोजन हुआ जहां धौरईल गांव सहित आस—पास के दर्जनों गांवों से पहुंचे सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर पुण्य लाभ अर्जित किया।
बता दें कि उक्त गांव निवासी स्व0 अवधू विश्वकर्मा द्वारा वर्ष 1997 में हनुमान जी मंदिर की स्थापना कराई गई थी। मंदिर की स्थापना के बाद से लगातार प्रत्येक वर्ष स्थापना दिवस पर अखंड रामायण पाठ, पूजा-अर्चना, हवन एवं भंडारे का आयोजन होता है। इस वर्ष भी मंदिर समिति एवं ग्रामीणों के सहयोग से धार्मिक कार्यक्रमों का भव्य आयोजन हुआ।
कार्यक्रम का शुभारम्भ वैदिक मंत्रोच्चार के बीच श्रीराम चरित मानस अखंड रामायण पाठ से हुआ। अखंड रामायण पाठ के दौरान पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। इसके बाद विधि-विधान से हवन-पूजन संपन्न कराया गया जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर आहुति अर्पित करते हुये क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं शांति की कामना किया। मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। गांव सहित आस—पास के दर्जनों गांवों से पहुंचे भक्तों ने हनुमान जी के दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। पूरे दिन मंदिर परिसर में "जय श्रीराम" और "जय बजरंग बली" के जयकारे गूंजते रहे।
.jpg)
.jpg)