वाहन की चपेट में आये बाइक सवार दम्पत्ति, पति की गयी जानधर्मापुर, जौनपुर। वैवाहिक कार्यक्रम से शनिवार की देर रात वापस आ रहे दंपत्ति की अज्ञात वाहन के चपेट में आने से जहां बाइक पर सवार पति की मौत हो गई, वहीं पत्नी बाल-बाल बच गयी। जानकारी के अनुसार गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के धर्मसारी गांव निवासी सुभाष अपनी बाइक पर पत्नी चंद्रकला को बैठाकर शनिवार की देर शाम किसी वैवाहिक कार्यक्रम से वापस घर लौट रहे थे। पुलिस के मुताबिक बाइक सवार सुभाष जैसे ही तीयरी गांव के पास पहुंचा तभी किसी अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दिया। टक्कर से बाइक चला रहा सुभाष 52 वर्ष पुत्र राम अवतार गंभीर रूप से घायल हो गया। घायलावस्था में स्थानीय लोगों ने एम्बुलेंस से सुभाष को जिला अस्पताल भिजवाया जहां चिकित्सकों ने घायल सुभाष को देखते ही मृत घोषित कर दिया। वहीं बाइक पर पीछे बैठी पत्नी चंद्रकला बाल-बाल बच गई। घटना की जानकारी होने पर वरिष्ठ उपनिरीक्षक रामशंकर पांडेय पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिये। मृतक की दो पुत्रियां हैं। पिता की मौत से दोनों पुत्रियों का रो-रो कर बुरा हाल है। वहीं मृतक की पत्नी चंद्रकला पति के मौत के सदमे से रह-रह कर बेहोश हो जा रही है।
0 Comments