जौनपुर में गूंजा युवाओं का हुंकार, Gen Z Connect Yatra में शिक्षा-रोजगार और पेपर लीक के मुद्दे उठे

जौनपुर। जस्टिस मोर्चा की Gen Z Connect Yatra अपने 27वें दिन जौनपुर पहुँची। त्रिलोचन से शुरू हुई यात्रा सिरकोनी होते हुए जौनपुर शहर में दाखिल हुई। रास्ते में छात्रों, युवाओं और स्थानीय लोगों से संवाद कर शिक्षा, रोजगार, सरकारी भर्तियों, पेपर लीक, निष्पक्ष परीक्षा व्यवस्था और सरकारी स्कूलों की बदहाल स्थिति जैसे मुद्दों पर चर्चा की गई।
यात्रा के दौरान टीम ने रास्ते में पड़ने वाले विभिन्न सरकारी स्कूलों की स्थिति का भी जायजा लिया। जौनपुर शहर पहुँचने पर गांधी पार्क में सैकड़ों लोगों ने यात्रा का जोरदार स्वागत किया। विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और नागरिकों ने युवाओं की इस मुहिम को अपना समर्थन दिया।
गांधी पार्क से यात्रा अंबेडकर पार्क पहुँची, जहाँ युवाओं ने “जय भीम” के नारों के साथ पेपर लीक, चंदा चोरी और सरकारी स्कूलों की बदहाल व्यवस्था जैसे मुद्दे उठाए। युवाओं का कहना था कि परीक्षा व्यवस्था में होने वाली अनियमितताओं का सबसे बड़ा नुकसान मेहनत करने वाले छात्रों को उठाना पड़ता है।
इसके बाद यात्रा कचहरी, सद्भावना पुल, छरछू चौराहा, शाही पुल और तिलकधारी सिंह कॉलेज होते हुए आगे बढ़ी। पूरे मार्ग में युवाओं ने पर्चे वितरित कर जनसंवाद और सभाओं के माध्यम से लोगों से समर्थन मांगा।
जस्टिस मोर्चा के प्रतिनिधियों ने कहा कि Gen Z Connect Yatra का उद्देश्य युवाओं के बीच जाकर उनकी समस्याओं और आकांक्षाओं को सुनना तथा उन्हें साझा मंच देना है। उन्होंने आरोप लगाया कि युवा नौकरी, बेहतर शिक्षा, पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था और पेपर लीक के खिलाफ आवाज उठा रहे हैं, लेकिन केंद्र और राज्य सरकारें युवाओं की समस्याओं पर गंभीरता नहीं दिखा रही हैं।
जौनपुर में यात्रा के दौरान विकेश उपाध्याय (INC), हिमांशु तिवारी (BRS), अनुराग राय, संदीप सोनकर (IYC), अमरजीत (प्रगतिशील मानव समाज पार्टी), शिराज सहित अन्य लोग शामिल रहे।
Gen Z Connect Yatra अब जौनपुर से आगे प्रयागराज, प्रतापगढ़ और रायबरेली होते हुए 2 अक्टूबर को लखनऊ पहुँचेगी, जहाँ यात्रा का समापन होगा। यात्रा में प्रियेश, रजत, शान्तनु, अवनीश, नीरज, राजू, विवेक सहित बड़ी संख्या में युवा यात्री मौजूद रहे।
