जौनपुर:सीतापुर में सामूहिक दुष्कर्म की घटना लचर कानून-व्यवस्था का परिणाम हैः रालोद

 सीतापुर में सामूहिक दुष्कर्म की घटना लचर कानून-व्यवस्था का परिणाम हैः रालोद

प्रदेश अध्यक्ष रामाशीष राय ने कहा- अर्कमण्यता के मार्ग पर चल रही योगी सरकार

जौनपुर। प्रदेश की योगी सरकार की लचर कानून व्यवस्था और महिला असुरक्षा के कारण सीतापुर के थाना सदना अर्न्तगत एक गांव की दलित युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना घटित हुई है। इस प्रकार युवतियों के साथ बलात्कार की घटनाएं निरन्तर बढ़ती जा रही हैं जबकि सरकार महिला सशक्तिकरण का ढोल पीटने और अपनी पीठ थपथपाने में व्यस्त है। उक्त बातें राष्ट्रीय लोकदल के प्रदेश अध्यक्ष रामाशीष राय ने स्थानीय डाक बंगले में पत्रकारों से वार्ता के दौरान कही। साथ ही आगे कहा कि लखनऊ से लेकर सुदूर क्षेत्रों तक सरकार का इकबाल खत्म हो चुका है। पुलिस तंत्र निरंकुश हो गया है। यही कारण है कि चारों ओर बलात्कार अपहरण, डकैती, लूट सहित जघन्य हत्याओं का बोलबाला है। श्री राय ने कहा कि प्रदेश सरकार केवल झूठे आंकड़े प्रस्तुत कर अपनी उपलब्धियों का बखान करती है जबकि प्रदेश की जनता त्राहि-त्राहि कर रही है। यदि आंकड़ों में सच्चाई होती तो प्रदेश में चारों ओर व्यापारियों, किसानों, बेरोजगारों के साथ युवा वर्ग में खुशी की लहर दिखाई पड़ती परन्तु ऐसा किसी भी क्षेत्र में देखने को नहीं मिलता। गाय और गंगा के नाम पर सत्ता में आने वाली भाजपा सरकार के राज में हजारों गाय लम्पी नामक महामारी से ग्रस्त हैं जबकि सरकार असहाय दिख रही है। केवल यही नहीं, सरकार द्वारा स्थापित गौशालाओं में गायों को भरपेट भोजन भी उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। कई गौशालाओ में भूख से तड़पकर गायों ने जान दे दी है। गंगा सफाई के नाम पर उच्च न्यायालय ने ही सरकार को कटघरे में खड़ा किया है। रालोद प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि योगी जी को समझना चाहिये कि यत्र नार्यस्तु पूज्येन्ते रमन्ते तत्र देवताम्। सरकार लेश मात्र भी नारियों के सम्मान की रक्षा करने में विश्वास नहीं रखती। यही कारण है कि आये दिन ऐसी शर्मनाक घटनाएं घटित होती रहती हैं और समाज में दबंगों का बोलबाला रहता है। प्रदेश सरकार अर्कमण्यता के मार्ग पर चलती रहती है और अपराधों व अव्यवस्थाओं का ग्राफ लगातार बढ़ता जा रहा है। इस अवसर पर कार्यवाहक जिलाध्यक्ष डा. सत्येन्द्र सिंह, राम आसरे विश्वकर्मा, सुनील सिंह, डा. एसए रिजवी, धनी राम यादव, राजेन्द्र प्रसाद यादव, प्रदीप तिवारी, विनय यादव सहित तमाम पदाधिकारी, कार्यकर्ता आदि उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments