screenshot

हाईटेक नर्सरी से किसानों को मिल रहे रोगमुक्त पौधे, कम लागत में बढ़ेगा मुनाफा

Bharat Ka News

 हाईटेक नर्सरी से किसानों को मिल रहे रोगमुक्त पौधे, कम लागत में बढ़ेगा मुनाफा



जौनपुर। जनपद में आधुनिक कृषि को बढ़ावा देने के उद्देश्य से उद्यान विभाग द्वारा कृषि विज्ञान केंद्र बक्सा में हाईटेक नर्सरी की स्थापना की गई है। इस नर्सरी में किसानों को उच्च गुणवत्ता वाले, रोगमुक्त सब्जियों के पौधे उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे खेती अधिक लाभकारी बन रही है।

जिला उद्यान अधिकारी ने बताया कि यहां पौधों को मिट्टी रहित माध्यम—कोकोपीट, परलाइट और वर्मीकुलाइट—में नियंत्रित वातावरण में तैयार किया जाता है। कोकोपीट नारियल के छिलके से बना जैविक माध्यम है, जबकि परलाइट और वर्मीकुलाइट खनिज आधारित तत्व हैं। यह पूरी व्यवस्था आधुनिक तकनीक और प्राकृतिक संसाधनों का बेहतरीन समन्वय है।

नर्सरी का संचालन कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक सुरेश कुमार कनौजिया के तकनीकी निर्देशन में किया जा रहा है। वहीं उद्यान निरीक्षक वरुणेश मित्र और स्वयं सहायता समूह की महिलाएं इसकी देखरेख कर रही हैं। यहां बीज बोने से लेकर सिंचाई तक की पूरी प्रक्रिया ऑटोमैटिक मशीनों से की जाती है।

पौधों के लिए हर मौसम में अनुकूल वातावरण बनाए रखने हेतु तापमान नियंत्रित रखने के लिए आधुनिक पंखे और एग्जॉस्ट सिस्टम लगाए गए हैं। वर्तमान में यहां मिर्च, गेंदा और पपीता के पौधे तैयार हैं, जो सामान्य पौधों की तुलना में अधिक मजबूत और रोगमुक्त होते हैं।

किसानों को ये पौधे 2 से 5 रुपये प्रति पौध की दर से उपलब्ध कराए जा रहे हैं। यदि कोई किसान अपना बीज देकर पौध तैयार कराना चाहता है, तो उसे मात्र 1 रुपये प्रति पौध देना होगा।

जिला उद्यान अधिकारी डॉ. सीमा सिंह राणा के अनुसार, इस योजना का उद्देश्य किसानों को बिचौलियों से मुक्त कर सीधे आधुनिक तकनीक से जोड़ना है। इससे उत्पादन लागत कम होगी और मुनाफा बढ़ेगा, जिससे किसानों की आर्थिक स्थिति में सुधार आएगा।

अधिक जानकारी और पौध प्राप्त करने के लिए किसान हाईटेक नर्सरी प्रभारी के मोबाइल नंबर 8423624133 पर संपर्क कर सकते हैं।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!