रोमांचक मुकाबले में हेल्पिंग हैंड वॉरियर्स की जीत, दुर्गेश सिंह बोले—पत्रकार समाज के असली विजेता
जौनपुर:
शहर के मोहम्मद हसन इंटर कॉलेज मैदान में बुधवार सुबह खेला गया क्रिकेट मैत्री मैच उत्साह, रोमांच और खेल भावना का शानदार संगम बन गया। जर्नलिस्ट क्रिकेट क्लब और हेल्पिंग हैंड वॉरियर्स के बीच हुए इस मुकाबले ने दर्शकों को आखिरी गेंद तक बांधे रखा।
पहले बल्लेबाजी करते हुए जर्नलिस्ट क्रिकेट क्लब ने 12 ओवर में 7 विकेट खोकर 101 रन बनाए। टीम के खिलाड़ियों ने संतुलित खेल दिखाते हुए मुकाबले को चुनौतीपूर्ण बनाया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी हेल्पिंग हैंड वॉरियर्स ने आक्रामक बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए महज 9.4 ओवर में 5 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया और शानदार जीत दर्ज की। बल्लेबाजों ने शुरू से ही दबाव बनाए रखा और टीम को जीत तक पहुंचाया।
मैच के बाद हेल्पिंग हैंड वॉरियर्स के कप्तान दुर्गेश सिंह ने खेल भावना की सराहना करते हुए कहा कि जीत-हार अपनी जगह है, लेकिन पत्रकारों की टीम समाज में अपने कार्यों से हमेशा विजेता रहती है।
जर्नलिस्ट क्रिकेट क्लब की ओर से कप्तान देवेंद्र खरे, उपकप्तान जावेद अहमद समेत सभी खिलाड़ियों ने सराहनीय प्रदर्शन किया। वहीं हेल्पिंग हैंड वॉरियर्स के उपकप्तान अभिषेक सिंह सहित पूरी टीम ने जीत में अहम भूमिका निभाई।
मैदान पर पत्रकार मेराज अहमद और इजहार हुसैन खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते नजर आए। स्कोरिंग की जिम्मेदारी अंकित जायसवाल ने निभाई, जबकि कोच मोहम्मद अब्बास ने आयोजन को आपसी सौहार्द और फिटनेस के लिए महत्वपूर्ण बताया।
यह मुकाबला खेल भावना, मित्रता और सामाजिक एकता का बेहतरीन उदाहरण बनकर सामने आया, जिसकी पूरे क्षेत्र में चर्चा हो रही है।
