screenshot

जिलाधिकारी ने की तमाम योजनाओं की समीक्षा

Bharat Ka News

 जिलाधिकारी ने की तमाम योजनाओं की समीक्षा

जौनपुर। जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने कलेक्ट्रेट सभागार में प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी, पीएम स्वनिधि एवं मुख्यमंत्री नगरीय अल्पविकसित व मलिन बस्ती विकास योजना की समीक्षा किया। इस मौके पर परियोजना अधिकारी डूडा ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी 2.0 के अन्तर्गत जनपद की दो नगर निकाय यथा-नगर पंचायत कचगांव एवं नगर पालिका परिषद मुंगराबादशाहपुर के पात्र लाभार्थियों की डीपीआर प्रथम प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृति हेतु शासन को भेजा जाना है। अब तक आवेदित 6686 लाभार्थियों के सापेक्ष मात्र 2992 की जॉच प्राप्त हो पाई है जबकि 3694 जॉच अभी उक्त नगर निकाय स्तर पर लम्बित है।

जिलाधिकारी ने उक्त नगर निकाय के अधिशासी अधिकारियों को लम्बित जांच पूर्ण कर जांच रिपोर्ट डूडा कार्यालय को उपलब्ध कराने हेतु निर्देशित किया। पीएम स्वनिधि योजना के संदर्भ में परियोजना अधिकारी डूडा जौनपुर द्वारा बताया गया कि लक्ष्य की पूर्ति हेतु नगर निकायों से प्रथम एवं द्वितीय ऋण के आवेदन नहीं प्राप्त हो रहे हैं जिस पर निकाय के अधिशासी अधिकारियों ने बताया कि निकाय के शहरी पथ विक्रेता जो ऋण के लिए इच्छुक थे, वे पीएम स्वनिधि योजना से ऋण प्राप्त कर चुके हैं। प्रथम व द्वितीय ऋण के लाभार्थी नहीं मिल रहे हैं जिस पर जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारियों को अपनी नगर निकायों में पीएम स्वनिधि योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने एवं तृतीय ऋण का लक्ष्य पूर्ण करने हेतु निर्देशित किया।
साथ ही परियोजना अधिकारी डूडा ने बताया कि मुख्यमंत्री नगरीय अल्पविकसित व मलिन बस्ती विकास योजना के अन्तर्गत वित्तीय वर्ष-2024-25 में 95 कार्य के सापेक्ष 55 कार्य पूर्ण हो चुके हैं, 36 कार्य प्रगति पर है। द्वितीय किस्त प्राप्त होने पर सभी कार्य पूर्ण कर लिये जायेंगे। वित्तीय वर्ष-2025-26 में 28 कार्य स्वीकृत है जो प्रगति पर हैं। जिलाधिकारी ने परियोजना अधिकारी डूडा को निर्देशित किया कि सभी कार्य गुणवत्ता व मानक के अनुसार कराया जाय। निर्माण कार्यों का फोटोग्राफ बैठकों हेतु तैयार की जाने वाली पीपीटी में अवश्य लगाया जाय।
इस अवसर पर मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अम्बष्ट, सिटी मजिस्ट्रेट इन्द्रनन्दन सिंह,  परियोजना अधिकारी डूडा, सीएलटीसी, अवर अभियन्ता, बृजनन्दन स्वरूप, सीओ सहित समस्त नगर पालिका/पंचायतों के अधिशासी अधिकारीगण के अलावा अन्य लोग उपस्थित रहे।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!