जौनपुर के सुभ्रांश सिंह ने NEET में लहराया सफलता का परचम, परिवार और जिले का बढ़ाया मान
डॉ. अवनीश कुमार सिंह के मार्गदर्शन और माता-पिता के आशीर्वाद से मिली सफलता, बोले— "हर कदम पर मिला परिवार का साथ"
जौनपुर। कठिन मेहनत, दृढ़ संकल्प और परिवार के अटूट सहयोग का परिणाम तब सामने आया, जब जनपद जौनपुर के होनहार छात्र सुभ्रांश सिंह, पुत्र धर्मेन्द्र सिंह, ने देश की प्रतिष्ठित मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET में सफलता हासिल कर अपने परिवार के साथ-साथ पूरे जनपद का नाम गौरवान्वित किया।
सुभ्रांश सिंह, जनपद के प्रसिद्ध अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. अवनीश कुमार सिंह (एमबीबीएस, एमएस ऑर्थो) के छोटे भाई हैं। डॉ. अवनीश कुमार सिंह लंबे समय से अपनी चिकित्सा सेवाओं के माध्यम से लोगों की सेवा कर रहे हैं। अब उनके छोटे भाई की इस उपलब्धि ने परिवार में खुशी का माहौल बना दिया है।
अपनी सफलता पर सुभ्रांश सिंह ने कहा कि इस मुकाम तक पहुंचने में उनके माता-पिता का त्याग, विश्वास और आशीर्वाद सबसे बड़ी ताकत रहा। उन्होंने विशेष रूप से अपने बड़े भाई डॉ. अवनीश कुमार सिंह का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने हर कठिन समय में उनका मार्गदर्शन किया, आत्मविश्वास बढ़ाया और हमेशा सही दिशा दिखाई। उसी प्रेरणा और निरंतर मेहनत के बल पर वह आज यह सफलता प्राप्त कर सके।
सुभ्रांश सिंह की इस उपलब्धि पर परिवार, रिश्तेदारों, शुभचिंतकों और क्षेत्र के लोगों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। उनकी सफलता उन युवाओं के लिए भी प्रेरणा है, जो सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने का साहस रखते हैं।
