निर्माणाधीन सड़कों एवं सम्पर्क मार्ग के प्रगति की हुई समीक्षा बैठक
जौनपुर। जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. की अध्यक्षता में जनपद में लोक निर्माण विभाग की समस्त निर्माणाधीन सड़कों एवं सम्पर्क मार्ग के प्रगति की समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में सम्पन्न हुई। बैठक में लोक निर्माण विभाग, निर्माण खण्ड-2 के सम्बन्धित विभागों के अधिकारियों को निर्माण कार्यों में तेजी लाने, निर्धारित मानकों एवं गुणवत्ता का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने तथा परियोजनाओं को समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराने के निर्देश दिये गये।
जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनपद की सभी सड़कों का निरीक्षण कराते हुए गड्ढामुक्त किया जाय। विशेष रूप से शहरी क्षेत्र की सड़कों को प्राथमिकता के आधार पर तत्काल गड्ढामुक्त कराने तथा जनपद की सीमा में आने वाली सभी प्रमुख एवं सम्पर्क मार्गों को एक माह के भीतर ठीक कराने के निर्देश दिये। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सड़कों की मरम्मत एवं निर्माण कार्य केवल खानापूर्ति तक सीमित न रहे, बल्कि कार्य की गुणवत्ता, निर्धारित मानक एवं समय सीमा का विशेष ध्यान रखा जाय। सड़क निर्माण में प्रयुक्त सामग्री की गुणवत्ता तथा कार्य की तकनीकी गुणवत्ता की नियमित जांच सुनिश्चित की जाय।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि लोक निर्माण विभाग द्वारा निर्मित एवं निर्माणाधीन सड़कों की गुणवत्ता की जांच के लिये कमेटी गठित की जाय। कमेटी में जिलास्तरीय अधिकारी, खण्ड विकास अधिकारी, सहायक अभियंता/(एई) एवं अधिशासी अभियंता (एक्सईएन) को शामिल किया जाय। गठित टीम द्वारा अपने आवंटित क्षेत्रों में सड़कों का स्थलीय निरीक्षण कर गुणवत्ता की जांच की जायेगी। उन्होंने निर्देश दिया कि निरीक्षण के दौरान सड़क की स्थिति, मरम्मत/निर्माण की गुणवत्ता एवं आवश्यक सुधार कार्यों का परीक्षण करते हुये जियो-टैग फोटोग्राफ्स सहित जांच रिपोर्ट उसी दिन सायं तक जिलाधिकारी कार्यालय को उपलब्ध कराई जाय। जांच में किसी प्रकार की कमी, लापरवाही अथवा मानकों की अनदेखी पाये जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जायेगी।
उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सड़क निर्माण एवं अन्य विकास परियोजनाओं की नियमित मॉनीटरिंग करते हुए कार्यों में अनावश्यक विलम्ब न होने दिया जाए। साथ ही आमजन को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिये क्षतिग्रस्त सड़कों को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त कराया जाय। जनपद में संचालित सभी निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए तथा संबंधित अधिकारी स्वयं स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति एवं गुणवत्ता सुनिश्चित करें।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी डा0 अरुण यादव सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।
.jpeg)