अरब सागर में ICG और गुजरात ATS की बड़ी कार्रवाई, 3,000 करोड़ की ड्रग्स जब्त; 5 पाकिस्तानी गिरफ्तार
मुंबई। भारतीय तटरक्षक बल (ICG) और गुजरात एंटी-टेररिज्म स्क्वॉड (ATS) ने अरब सागर में नशीले पदार्थों की तस्करी की बड़ी कोशिश को नाकाम करते हुए करीब 526 किलोग्राम ड्रग्स बरामद की है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में जब्त नशीले पदार्थों की कीमत 3,000 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है।
संयुक्त कार्रवाई में 5 पाकिस्तानी नागरिकों को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों के अनुसार, बरामद ड्रग्स में हेरोइन और मेथामफेटामाइन शामिल हैं।
खुफिया इनपुट पर संदिग्ध नाव की निगरानी
अधिकारियों के मुताबिक, खुफिया जानकारी के आधार पर अरब सागर में एक संदिग्ध नाव की गतिविधियों पर निगरानी रखी जा रही थी। समुद्री और हवाई निगरानी के जरिए नाव को ट्रैक किया गया। 25 सितंबर को लक्षद्वीप के पश्चिमी क्षेत्र में तटरक्षक बल ने संदिग्ध ईरानी नाव को रोका।
नाव की तलाशी के दौरान बड़ी मात्रा में नशीले पदार्थ बरामद हुए। इसके बाद नाव, उसमें सवार पांचों लोगों और जब्त सामान को सुरक्षा घेरे में मुंबई लाया गया।
तस्करी के नेटवर्क की जांच शुरू
जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि इतनी बड़ी मात्रा में ड्रग्स कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के जरिए समुद्री रास्ते से संचालित तस्करी के नेटवर्क और इससे जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।
तटरक्षक बल और सुरक्षा एजेंसियों की यह कार्रवाई समुद्री क्षेत्र में नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा बताई जा रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।
.jpg)