मां सरस्वती पूजन व सुंदरकांड पाठ के साथ नए सत्र का शुभारंभ, राजा श्री कृष्ण दत्त इंटर कॉलेज में छात्रों का भव्य स्वागत
जौनपुर।
शहर के मध्य स्थित प्राचीन एवं प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान राजा श्री कृष्ण दत्त इंटर कॉलेज में नए शैक्षिक सत्र का शुभारंभ बड़े ही हर्षोल्लास एवं धार्मिक वातावरण के बीच किया गया। इस अवसर पर मां सरस्वती का पूजन एवं सुंदरकांड पाठ आयोजित कर विधिवत सत्र की शुरुआत की गई।
नए सत्र के पहले दिन विद्यालय परिसर में उत्साह का माहौल देखने को मिला। छात्र-छात्राओं का स्वागत माल्यार्पण कर किया गया। इस दौरान बच्चों को उनका अंकपत्र भी वितरित किया गया, जिसे प्राप्त कर वे काफी खुश नजर आए। छात्रों ने अपने गुरुजनों का आशीर्वाद लेकर नए सत्र की शुरुआत की।
विद्यालय में इस समय प्रवेश प्रक्रिया तेजी से चल रही है। यहां कक्षा 6 से 12 तक सह-शिक्षा की व्यवस्था उपलब्ध है। इंटरमीडिएट स्तर पर कला, विज्ञान एवं वाणिज्य वर्ग में अध्ययन की सुविधा दी जाती है। कला वर्ग में हिंदी, अंग्रेजी, इतिहास, भूगोल, नागरिक शास्त्र, अर्थशास्त्र, चित्रकला, मनोविज्ञान एवं संस्कृत विषयों की मान्यता प्राप्त है। वहीं विज्ञान वर्ग में गणित, भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान एवं जीव विज्ञान तथा वाणिज्य वर्ग में लेखाशास्त्र एवं व्यवसाय अध्ययन जैसे विषय पढ़ाए जाते हैं।
हाईस्कूल स्तर पर भी हिंदी, अंग्रेजी, गणित, विज्ञान, सामाजिक विज्ञान, चित्रकला, वाणिज्य, संस्कृत एवं गृह विज्ञान विषयों की शिक्षा अनुभवी एवं आयोग द्वारा चयनित शिक्षकों के माध्यम से कुशलतापूर्वक प्रदान की जाती है। विशेष बात यह है कि कक्षा 6 से 8 तक के विद्यार्थियों के लिए शिक्षा पूरी तरह निःशुल्क है।
विद्यालय में छात्रों को अनुशासित एवं स्वच्छ वातावरण में शिक्षा प्रदान की जाती है। इंटरमीडिएट कक्षाओं के लिए भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान एवं जीव विज्ञान की सुसज्जित प्रयोगशालाएं उपलब्ध हैं। इसके अलावा एनसीसी, स्काउट-गाइड एवं खेलकूद की समुचित व्यवस्था भी की गई है। कक्षा 6 से 8 तक के बच्चों के लिए मध्यान्ह भोजन तथा सभी छात्र-छात्राओं के लिए शुद्ध पेयजल की सुविधा उपलब्ध है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ• संजय चौबे ने बताया कि विद्यालय में योग्य एवं अनुभवी शिक्षकों द्वारा प्रभावी ढंग से शिक्षण कार्य कराया जाता है। यहां के छात्र अनुशासन के साथ अपने भविष्य की मजबूत नींव रख रहे हैं और अपने सपनों को साकार करने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।
उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए विद्यालय में प्रवेश दिलाकर उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का लाभ दिलाए।

