ग्रामसभा की जमीन पर अवैध कब्जा
सिरकोनी, जौनपुर। स्थानीय क्षेत्र के बदलपुर गांव में ग्रामसभा की जमीन पर अवैध कब्जे और निर्माण का मामला सामने आया है। गुरुवार को ग्रामीणों ने एक अधिवक्ता पर सरकारी सम्पत्ति पर कब्जा करने, फर्जी दस्तावेज बनाने और धमकाने का आरोप लगाते हुये जिलाधिकारी से शिकायत किया।
सदर तहसील के परगना बयालसी स्थित बदलपुर गांव निवासी ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को दिये प्रार्थना पत्र में बताया कि गांव के गाटा संख्या 276 की बंजर भूमि पर सुजीत यादव पुत्र श्यामनाथ यादव ने अवैध कब्जा कर निर्माण कर लिया है। यह भूमि ग्रामसभा की है। आरोपी पेशे से अधिवक्ता हैं जो कानून का दुरुपयोग कर रहे हैं। उन पर ग्रामीणों की जमीनों पर भी फर्जी कागजात बनाकर कब्जा जमाने का आरोप है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सुजीत कुमार यादव उन्हें घरों को गिराने की धमकी दे रहे हैं और नए निर्माण में बाधा डाल रहे हैं। वह ग्रामीणों को झूठे मुकदमों में फंसाकर जेल भेजने और उनके घर गिराने की धमकी भी देते हैं, यदि वे शिकायत करते हैं। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से इस मामले में स्वतः संज्ञान लेने, सुजीत यादव के खिलाफ सरकारी सम्पत्ति पर अवैध कब्जा, फर्जी कागजात बनाने और धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज करने की मांग किया है। उन्होंने दोषी के खिलाफ कड़ी दण्डात्मक कार्यवाही और उच्च स्तरीय जांच पूरी होने तक उनके अधिवक्ता पेशे पर रोक लगाने की भी अपील किया है।
शिकायतकर्ताओं में अरुण यादव, संजय सिंह, देवराज सिंह, बांके लाल यादव, दयाराम यादव, जंगी यादव, देवराज यादव, रामहरण यादव, जियाराम यादव, भगेलू यादव, सतिराम यादव, वैद्यनाथ यादव, राजेश यादव, रत्तीराम यादव, रामायण सहित अन्य ग्रामीण शामिल रहे।
