विश्व डेंगू दिवस: पीएचसी सोंधी में जागरूकता, कर्मचारियों ने लिया बचाव का संकल्प
विश्व डेंगू दिवस के मौके पर शनिवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सोंधी में डेंगू से बचाव एवं जन-जागरूकता को लेकर विशेष शपथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉक्टर सूर्य प्रकाश यादव के नेतृत्व में सम्पन्न हुआ। जिसमें स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने डेंगू मुक्त समाज बनाने का संकल्प लिया। इस दौरान उपस्थित सभी लोगों ने यह शपथ ली कि वे अपने घर, मोहल्ले और आसपास साफ़-सफ़ाई रखेंगे। कहीं भी पानी जमा नहीं होने देंगे तथा आमजन को डेंगू जैसी ख़तरनाक बीमारी से बचाव के प्रति जागरूक करेंगे। कार्यक्रम में कहा गया कि एहतियात सावधानी और सफ़ाई ही डेंगू से बचाव का सबसे असरदार हथियार है। उक्त प्रभारी चिकित्साधिकारी ने कहा कि बरसात के मौसम में डेंगू का ख़तरा बढ़ जाता है। इसलिए लोगों को चाहिए कि कूलर, गमले, टायर एवं छतों पर जमा पानी को समय-समय पर साफ़ करते रहें। उन्होंने कहा कि थोड़ी सी लापरवाही बीमारी को दावत दे सकती है, इसलिए हर व्यक्ति को अपनी ज़िम्मेदारी समझनी होगी। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि बुखार, बदन दर्द या कमजोरी जैसे लक्षण दिखाई देने पर तुरंत स्वास्थ्य केंद्र पहुँचकर जाँच कराएं और अफ़वाहों से बचें। इस अवसर पर डॉक्टर मसूद अहमद खान, डॉक्टर फिरदौस, प्रतिमा सिंह, लिपिक दिवाकर सिंह, अंकिता, राहुल यादव, गुलाब यादव, अंकुर श्रीवास्तव, मक़बूल अहमद, एवं अखिलेश कुमार,राम मिलन यादव सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
