screenshot

भाजपा पर साधा निशाना, प्रदेश में भय और भ्रष्टाचार का लगाया आरोप

Bharat Ka News

 भाजपा पर साधा निशाना, प्रदेश में भय और भ्रष्टाचार का लगाया आरोप


 

जौनपुर

 पूर्व सदर विधायक नदीम जावेद ने मंगलवार को अपने आवास सुख्खीपुर, जौनपुर पर आयोजित प्रेस वार्ता में आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर महत्वपूर्ण बयान दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव इंडिया गठबंधन के साथ मिलकर लड़ेगी और प्रदेश में गठबंधन की सरकार बनाने के लिए पूरी ताकत के साथ चुनावी मैदान में उतरेगी।

नदीम जावेद ने बताया कि वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने जनपद जौनपुर की दो विधानसभा सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारे थे, जबकि 2027 के चुनाव में पार्टी तीन विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है। हालांकि, जब उनसे उन सीटों के नाम पूछे गए जिन पर कांग्रेस अपने उम्मीदवार उतारेगी, तो उन्होंने कहा कि पार्टी उचित समय पर इसकी घोषणा करेगी।

प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने भारतीय जनता पार्टी पर जमकर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में भय, भूख और भ्रष्टाचार का माहौल व्याप्त है तथा आम जनता खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रही है। उन्होंने दावा किया कि जौनपुर में पिछले दो महीनों के दौरान लगभग पांच हत्याएं हुई हैं, लेकिन कई मामलों में अभी तक अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।

लोकसभा चुनाव परिणामों का जिक्र करते हुए नदीम जावेद ने कहा कि उत्तर प्रदेश में इंडिया गठबंधन ने 43 सीटों पर जीत दर्ज की थी। इसी आधार पर उन्होंने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में गठबंधन करीब 120 सीटों पर विजय प्राप्त कर सकता है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश का आगामी चुनाव देश की दशा और दिशा तय करने वाला चुनाव साबित होगा तथा प्रदेश में इंडिया गठबंधन की सरकार बनने की पूरी संभावना है।

एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि जनता अब भाजपा से परिवर्तन चाहती है। वहीं भाजपा की चुनावी सफलता पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा जनता के वोटों से नहीं, बल्कि “वोटों पर डकैती” डालकर चुनाव जीत रही है।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!