कुसरना अंडरपास को मिली मंजूरी, सांसद प्रिया सरोज के प्रयास लाए रंग, ₹8 करोड़ स्वीकृत
jaunpur:
केराकत विधानसभा क्षेत्र के ग्राम कुसरना में रेलवे लाइन के किलोमीटर 26/9 से 27/0 के बीच प्रस्तावित अंडरपास निर्माण के लिए ₹8 करोड़ की स्वीकृति मिल गई है। यह क्षेत्र की जनता की वर्षों पुरानी मांग थी, जिसके पूरा होने की दिशा में अब बड़ा कदम उठाया गया है।
सांसद प्रिया सरोज ने बताया कि इस अंडरपास के निर्माण के लिए उन्होंने लगातार प्रयास किए। उन्होंने 30 जुलाई 2024 को लोकसभा में शून्यकाल के दौरान यह मुद्दा उठाया था। इसके बाद 5 फरवरी 2025 को रेल राज्यमंत्री को पत्र लिखकर जौनपुर रेलखंड के किमी 26/9 से 27/0 पर अंडरपास निर्माण की स्वीकृति देने का अनुरोध किया था। पत्र में उन्होंने क्षेत्र की जनता की सुविधा और सुरक्षित आवागमन का मुद्दा प्रमुखता से रखा था।
अब अंडरपास निर्माण के लिए ₹8 करोड़ की स्वीकृति मिलने पर क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर है। सांसद ने इसे जनता की आवाज़, निरंतर प्रयास और विकास की जीत बताते हुए सभी क्षेत्रवासियों को बधाई दी। निर्माण पूरा होने के बाद ग्रामीणों को रेलवे फाटक की समस्या से राहत मिलेगी और आवागमन अधिक सुरक्षित व सुगम होगा।

