पीआरडी जवानों ने देखा मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण
जौनपुर। महायोगी गुरु गोरखनाथ की पावन धरा गोरखपुर स्थित योगिराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह एवं सांस्कृतिक केंद्र रामगढ़ताल में आयोजित प्रांतीय रक्षक दल के जवानों के सम्मेलन एवं विभिन्न विकास कार्यों के शुभारंभ कार्यक्रम का जौनपुर में सजीव प्रसारण किया गया। कलेक्ट्रेट प्रेक्षागृह में विधायक मड़ियाहू डॉ० आर.के. पटेल, एमएलसी बृजेश सिंह, मछलीशहर जिलाध्यक्ष भाजपा अजय सिंह, जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. एवं मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया की उपस्थिति में प्रांतीय रक्षक दल के जवानों सहित सम्बन्धित अधिकारियों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा।इस दौरान मुख्यमंत्री जी ने प्रांतीय रक्षक दल के जवानों के योगदान एवं दायित्वों की सराहना करते हुए उनके कल्याण के लिए शासन द्वारा किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दिया। वहीं लखनऊ के ग्राम एटर पश्चिम, सरोजनी नगर में लगभग 23 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले बहुमंजिला पीआरडी बैरक का शिलान्यास तथा मुख्यमंत्री पीआरडी कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ भी किया गया।
इस दौरान प्रेक्षागृह में चल रहे कार्यक्रम में जनप्रतिनिधिगण द्वारा उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने वाले 10 प्रांतीय रक्षक दल के जवानों को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। सजीव प्रसारण के दौरान कलेक्ट्रेट प्रेक्षागृह में उपस्थित पीआरडी जवानों में उत्साह एवं प्रसन्नता का माहौल रहा। जवानों ने शासन द्वारा उनके हित में किए जा रहे कल्याणकारी प्रयासों एवं योजनाओं के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर संबंधित अधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में प्रांतीय रक्षक दल के जवान उपस्थित रहे।
.jpeg)