यूपी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के साथ उतरेगी समाज विकास क्रांति पार्टी, अशोक सिंह ने किया गठबंधन का ऐलान
जौनपुर। समाज विकास क्रांति पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक सिंह ने घोषणा की है कि उनकी पार्टी उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के साथ मिलकर चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेतृत्व में बनने वाली सरकार को उनकी पार्टी बिना किसी शर्त के समर्थन देगी।
अशोक सिंह ने बताया कि वर्ष 2023 में गठित समाज विकास क्रांति पार्टी ने संगठन को लगातार मजबूत किया है। उन्होंने दावा किया कि 2024 के लोकसभा चुनाव में पार्टी ने देश के विभिन्न राज्यों में 40 उम्मीदवार उतारे थे और दिल्ली विधानसभा चुनाव में भी अपने प्रत्याशी मैदान में उतारे थे।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की समस्याओं और अन्य जनहित के मुद्दों से परेशान है। ऐसे में विपक्षी दलों का एकजुट होना जरूरी है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के विचारों और सामाजिक न्याय के प्रति उनकी प्रतिबद्धता से प्रभावित होकर पार्टी ने कांग्रेस के साथ चुनाव लड़ने का फैसला किया है।
अशोक सिंह ने पार्टी कार्यकर्ताओं से गांव-गांव तक गठबंधन का संदेश पहुंचाने का आह्वान करते हुए विश्वास जताया कि कांग्रेस और समाज विकास क्रांति पार्टी का गठबंधन प्रदेश की जनता के लिए एक मजबूत राजनीतिक विकल्प साबित होगा।
