श्रीराम कथा एवं भव्य कलश यात्रा की तैयारियों को लेकर समन्वय बैठक, ज्ञानप्रकाश सिंह ने की सहभागिता की अपील
जौनपुर। बीआरपी इंटर कॉलेज मैदान में आगामी 21 से 29 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाली नौ दिवसीय श्रीराम कथा एवं 20 अक्टूबर को प्रस्तावित भव्य कलश यात्रा की तैयारियों को लेकर शनिवार को उत्सव मोटल के बैंक्वेट हॉल में श्रीराम कथा संचालन समिति की महत्वपूर्ण समन्वय बैठक आयोजित की गई।
सेवा भारती, जौनपुर, काशी प्रांत के तत्वावधान में आयोजित बैठक की अध्यक्षता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, काशी प्रांत के प्रांत कार्यवाह मुरली पाल ने की। बैठक में कलश यात्रा एवं शोभायात्रा के मार्ग, श्रद्धालुओं की सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था तथा कथा आयोजन से जुड़ी विभिन्न तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। आयोजन को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए कार्यकर्ताओं के बीच दायित्वों का विभाजन भी किया गया।
बैठक में उपस्थित सदस्यों ने आपसी समन्वय और सामूहिक सहभागिता के साथ आयोजन को सफल बनाने के लिए अपने सुझाव दिए। साथ ही सौंपे गए दायित्वों का जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन करने का संकल्प लिया।
मुख्य आयोजक एवं भाजपा नेता ज्ञानप्रकाश सिंह ने कहा कि श्रीराम कथा और भव्य कलश यात्रा की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सभी कार्यकर्ताओं एवं सहयोगियों के समन्वित प्रयास से इस आध्यात्मिक आयोजन को भव्य एवं सुव्यवस्थित रूप से संपन्न कराया जाएगा। उन्होंने जनपदवासियों से अधिक से अधिक संख्या में श्रीराम कथा में शामिल होकर आध्यात्मिक लाभ प्राप्त करने की अपील की।
उन्होंने बताया कि 20 अक्टूबर 2026 को भव्य कलश यात्रा एवं शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसके बाद 21 से 29 अक्टूबर तक बीआरपी इंटर कॉलेज मैदान में आचार्य शांतनु जी महाराज के श्रीमुख से नौ दिवसीय श्रीराम कथा का वाचन होगा।
बैठक का संचालन सेवा भारती के विभाग प्रमुख डॉ. तेज सिंह ने किया। इस अवसर पर सेवा भारती के जिलाध्यक्ष अनिल गुप्ता, ब्रह्मेश शुक्ल, विमल सिंह, सुरेश सिंह, डॉ. संजय पाण्डेय, जयेश सिंह, प्रदीप सिंह ‘रिंकू’, बबलू दूबे, मिंटू पाठक, मयंक नारायण, नारायण चौरसिया, विनय सिंह, आनंद सिंह, मनोज शुक्ल, जेपी श्रीवास्तव, ऋचा सिंह, मीना यादव, रिंकी श्रीवास्तव, राखी सिंह, नमिता सिंह, रूबी मिश्रा, नेहा सिंह, रेखा त्रिपाठी, उर्वशी सिंह, रेनू पाठक, डॉ. अंजना श्रीवास्तव, डॉ. अंजना सिंह, रूपम शुक्ला, निशि सोनकर, रजनी साहू, मीरा अग्रहरी, मिलन श्रीवास्तव, प्रांजल पटेल सहित विभिन्न संगठनों के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।





