शीतलहर के बीच जिलाधिकारी सक्रिय, रैन बसेरों का औचक निरीक्षण कर जरूरतमंदों को बांटे कंबल
बढ़ती ठंड एवं शीतलहर को देखते हुए जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने रोडवेज परिसर में बनाए गए अस्थायी रैन बसेरे का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने रैन बसेरे में ठहरे जरूरतमंद लोगों को कंबल वितरित किए और ठंड से बचाव के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने रैन बसेरे में मौजूद लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याओं, सुविधाओं एवं आवश्यकताओं के बारे में जानकारी ली। साथ ही अलाव ताप रहे लोगों से संवाद कर ठंड से बचाव के इंतजामों पर फीडबैक प्राप्त किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि रैन बसेरों में साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, सुरक्षा एवं समय-समय पर अलाव की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी जरूरतमंद को असुविधा न हो।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि शीतलहर के दौरान कोई भी निराश्रित, असहाय या जरूरतमंद व्यक्ति खुले में न रहे। इसके लिए नगर क्षेत्र के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी नियमित रूप से अलाव एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं कराई जाएं।
उन्होंने आमजन से अपील की कि अत्यधिक ठंड में जब तक बहुत आवश्यक न हो, घर से बाहर न निकलें। ठंड से बचाव के लिए ऊनी कपड़े पहनें तथा बाहर निकलते समय सिर, चेहरे, हाथ और पैरों को गर्म कपड़ों से ढकें। साथ ही शरीर को गर्म रखने के लिए गर्म पेय पदार्थों और पौष्टिक आहार का सेवन करें।
