रक्षाबंधन पर जौनपुर जंक्शन पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी, पुलिस ने किया चेकिंग व गश्त
जौनपुर। रक्षाबंधन पर्व के मद्देनजर शुक्रवार को जौनपुर जंक्शन रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन अलर्ट रहा। एसपी सिटी जौनपुर के नेतृत्व में थाना प्रभारी ने जीआरपी और आरपीएफ फोर्स के साथ रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म, सर्कुलेटिंग एरिया, पार्किंग समेत विभिन्न स्थानों पर चेकिंग और गहन भ्रमण किया।
पुलिस टीम ने स्टेशन परिसर में संदिग्ध व्यक्तियों और वस्तुओं की जांच करने के साथ यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। त्योहार के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे स्टेशन पर पुलिस बल ने पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि रक्षाबंधन पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए लगातार निगरानी और गश्त की जा रही है। फिलहाल चेकिंग और गश्त के दौरान स्थिति सामान्य एवं शांतिपूर्ण रही।


