screenshot

जौनपुर:- जौनपुर में हर्षोल्लासपूर्वक मनाया गया 77वां गणतंत्र दिवस

Bharat Ka News

 जौनपुर में हर्षोल्लासपूर्वक मनाया गया 77वां गणतंत्र दिवस

जौनपुर। जिलाधिकारी डॉ0 दिनेश चंद्र ने कलेक्ट्रेट प्रांगण में ध्वजारोहण किया तथा उपस्थित सभी अधिकारियों, कर्मचारियों को संविधान के प्रस्तावना, देश को एक सम्पूर्ण प्रभुत्व सम्पन्न, समाजवादी, धर्म निरपेक्ष, लोकतान्त्रिक गणराज्य बनाने, समस्त नागरिकों को सामाजिक, आर्थिक, राजनैतिक न्याय, विचार, अभिव्यक्ति, विश्वास, धर्म, उपासना की स्वतंत्रता, प्रतिष्ठा, अवसर की समता प्राप्त कराने के लिये, उन सबमें व्यक्ति की गरिमा, राष्ट्र की एकता, अखण्डता सुनिश्चित कराने वाली बन्धुता बढ़ाने के लिये पुनः दृढ़ संकल्प होकर संविधान को अंगीकृत, अधिनियमित और आत्मार्पित करने की शपथ भी दिलायी। कार्यक्रम के दौरान जनककुमारी इंटर कॉलेज की छात्राओं ने राष्ट्रगान प्रस्तुत किया जहां जिलाधिकारी ने सभी छात्राओं को सम्मानित किया।

इसके पश्चात कलेक्ट्रेट सभागार में उपस्थित समस्त अधिकारियों और कर्मचारियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामना देते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि आज का दिन हमारे लिए अत्यन्त महत्वपूर्ण है। आज ही के दिन हमारा संविधान लागू हुआ था। हमारे देश को आज़ादी स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, परिश्रम और बलिदान के उपरांत प्राप्त हुई है। इस कठिन यात्रा के बाद जब देश स्वतंत्र हुआ, तब राष्ट्र को सुचारू रूप से चलाने के लिए एक सशक्त संविधान की आवश्यकता महसूस की गई। ऐसा संविधान, जिसमें सभी वर्गों, धर्मों और जातियों के लोगों के अधिकार सुरक्षित हों तथा प्रत्येक नागरिक के मान-सम्मान की रक्षा सुनिश्चित हो।
इसी क्रम में जिलाधिकारी ने गांधी तिराहे पर जाकर महात्मा गांधी तथा अंबेडकर तिराहे पर डॉ0 भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण करके नमन किया। वहीं अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व परमानन्द झा, मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अम्बष्ट सहित अन्य ने भी संविधान की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए अपने विचारों को साझा किया। इस अवसर पर नगर मजिस्ट्रेट इंद्रनन्दन सिंह, जिला सूचना अधिकारी मनोकामना राय, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी अनीता जी, कर्मचारी संघ के अध्यक्ष विजय प्रताप सिंह, आशीष त्रिपाठी सहित अन्य अधिकारीगण, कर्मचारीगण आदि उपस्थित रहे। इसी प्रकार विकास भवन प्रांगण सहित सभी कार्यालयों में भी ध्वजारोहण कर अधिकारियों और कर्मचारियों को संविधान के प्रस्तावना की शपथ दिलायी गयी।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!