राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर पत्रकारों का संदेश: क्रिकेट के मैदान से लोकतंत्र की मजबूत पारी, राजन 11 का शानदार प्रदर्शन
जौनपुर। राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर मतदाताओं को जागरूक करने के उद्देश्य से नगर के शिया कॉलेज मैदान में पत्रकारों द्वारा आयोजित मैत्रीपूर्ण क्रिकेट प्रतियोगिता ने खेल के साथ-साथ लोकतांत्रिक जिम्मेदारियों का भी प्रभावी संदेश दिया। इस विशेष आयोजन में पत्रकार खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई, वहीं राजन 11 की टीम ने लगातार दो मुकाबले जीतकर प्रतियोगिता में अपना दबदबा कायम रखा।
प्रतियोगिता का पहला मुकाबला राजन 11 बनाम जावेद 11 के बीच टी-10 प्रारूप में खेला गया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए राजन 11 ने 10 ओवर में 2 विकेट के नुकसान पर 149 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। टीम के लिए शुशील तिवारी ने आक्रामक अंदाज में 32 गेंदों पर 81 रन की शानदार पारी खेली, जबकि मनीष सिंह ने 26 गेंदों पर नाबाद 53 रन बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। शिवम उपाध्याय 2 गेंदों पर 4 रन बनाकर आउट हुए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी जावेद 11 की टीम ने भी जोरदार संघर्ष किया। आदित्य भारद्वाज ने 83 रन की नाबाद पारी खेली, लेकिन टीम 10 ओवर में 2 विकेट पर 135 रन ही बना सकी। इस तरह राजन 11 ने यह मुकाबला 14 रनों से अपने नाम कर लिया।
दूसरा मुकाबला राजन 11 बनाम अजीत 11 के बीच टी-8 प्रारूप में खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए अजीत 11 ने 8 ओवर में 3 विकेट खोकर 123 रन बनाए। आदित्य भारद्वाज ने एक बार फिर बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 21 गेंदों पर 59 रन की नाबाद पारी खेली।
जवाब में राजन 11 की ओर से शिवम उपाध्याय ने विस्फोटक अंदाज दिखाते हुए मात्र 12 गेंदों में 46 रन ठोक दिए। विवेक सिंह ने 30 रन की नाबाद पारी खेली। देवेंद्र खरे 3 गेंदों पर 6 रन बनाकर चोटिल होने के कारण रिटायर्ड हर्ट हो गए। अंतिम क्षणों में कप्तान राजन मिश्रा ने जिम्मेदार कप्तानी पारी खेलते हुए आखिरी दो गेंदों पर 8 रन बनाकर टीम को 8 ओवर में 4 विकेट पर 124 रन तक पहुंचाया और मुकाबला 6 विकेट से जीत दिलाई।
लगातार दो जीत के साथ राजन 11 का मनोबल काफी ऊंचा नजर आया। टीम के बल्लेबाजों ने यह साबित कर दिया कि वे दबाव में भी किसी भी लक्ष्य का सफलतापूर्वक पीछा करने में सक्षम हैं।
समापन अवसर पर विजेता एवं उपविजेता टीमों को ओमेगा पब्लिक स्कूल के प्रबंधक पंकज मिश्रा, ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय अस्थाना तथा मैच के आयोजक मोहम्मद अब्बास द्वारा ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया। खिलाड़ियों के लिए पत्रकार नरेंद्र शर्मा द्वारा जलपान की व्यवस्था की गई।
इस आयोजन में पत्रकार खिलाड़ियों के रूप में विश्व प्रकाश श्रीवास्तव, बृजेश मिश्रा, अजीत बादल, शिवेंद्र सिंह काजू, सरस सिंह, अजीत सिंह, संजय सिंह, संतोष राय, दानिश इकबाल, बख्तियार, रोहित चौबे, शब्बीर हैदर, भोले विश्वकर्मा, रियाजुल हक, विनय एवं अबिश इमाम ने भाग लेकर खेल और लोकतंत्र दोनों को मजबूती देने का संदेश l
