आश्रम पद्धति विद्यालयों के निरीक्षण में व्यवस्थाएं संतोषजनक, प्रवेश प्रक्रिया जारी
जौनपुर
जिला समाज कल्याण अधिकारी नीरज पटेल द्वारा जनपद के विभिन्न राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालयों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान विद्यालयों में शैक्षिक व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं तथा नए सत्र के लिए प्रवेश प्रक्रिया जारी मिली।
राजकीय आश्रम पद्धति बालिका विद्यालय ग्यासपुर सिरकोनी में कक्षा 6 से 12 तक शिक्षण कार्य संचालित पाया गया। विद्यालय में कुल 333 छात्राएं पंजीकृत हैं तथा 14 शिक्षक शिक्षण कार्य में लगे हैं। शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए रिक्त सीटों पर नई छात्राओं का प्रवेश किया जा रहा है। यहां शैक्षिक स्टाफ की कोई कमी नहीं पाई गई।
वहीं राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय मटियारी मुफ्तीगंज के निरीक्षण में बताया गया कि विद्यालय का संचालन शैक्षिक सत्र 2024-25 में शुरू हुआ था। वर्तमान में यहां कक्षा 6 से 10 तक की पढ़ाई हो रही है। विद्यालय में कुल 286 छात्र पंजीकृत हैं तथा 8 शिक्षक कार्यरत हैं। नए छात्रों का प्रवेश रिक्त सीटों के अनुसार जारी है।
इसी क्रम में राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय मनिहा गोविंदपुर धर्मापुर का भी निरीक्षण किया गया। यहां वर्तमान में कक्षा 6 से 10 तक की कक्षाएं संचालित हैं। कुल 243 छात्र पंजीकृत हैं तथा 9 शिक्षक तैनात हैं। अधिकारियों ने बताया कि विद्यालयों में स्टाफ की कोई कमी नहीं है और सभी व्यवस्थाएं सुचारु रूप से चल रही हैं।
