सतहरिया औद्योगिक क्षेत्र में प्रवासी श्रमिकों हेतु निःशुल्क खाद्यान्न वितरण शिविर शुरू
जौनपुर
जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र के निर्देशों के क्रम में सतहरिया औद्योगिक क्षेत्र में प्रवासी श्रमिकों के हित में 5 किलोग्राम निःशुल्क खाद्यान्न (FTL) वितरण शिविरों का शुभारंभ किया गया। इन शिविरों का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में कार्यरत प्रवासी श्रमिकों को आवश्यक खाद्य सहायता उपलब्ध कराना है, ताकि वे अपनी दैनिक जरूरतों को आसानी से पूरा कर सकें।
प्रशासन की इस पहल से औद्योगिक क्षेत्र में कार्यरत बड़ी संख्या में श्रमिकों को राहत मिलने की उम्मीद है। खाद्यान्न वितरण अभियान में सतहरिया इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट एसोसिएशन Satariya Industrial Development Association (SIDA) के सदस्यों द्वारा सक्रिय सहयोग किया जा रहा है। एसोसिएशन के सदस्य शिविरों के संचालन, लाभार्थियों की पहचान तथा खाद्यान्न के व्यवस्थित वितरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन श्रमिकों के कल्याण के लिए लगातार प्रयासरत है और इस प्रकार के सहयोगात्मक कार्यक्रम समाज के विभिन्न वर्गों के बीच समन्वय स्थापित करने में सहायक सिद्ध होते हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वितरण कार्य पूरी पारदर्शिता और सुव्यवस्थित तरीके से कराया जाए, जिससे प्रत्येक पात्र श्रमिक तक योजना का लाभ पहुंच सके।
इस अवसर पर संबंधित विभागों के अधिकारी, सीडा के पदाधिकारी तथा अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। श्रमिकों ने भी प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए इसे उपयोगी कदम बताया।
