जिले में पांचवां स्थान पाकर साकेत तिवारी ने बढ़ाया मान
सीमित संसाधनों में मेहनत कर रचा सफलता का नया इतिहास
जौनपुर
सरस्वती इंटर कॉलेज, ऊंचगांव के छात्र साकेत तिवारी ने इंटरमीडिएट परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले में पांचवां स्थान प्राप्त किया है। साकेत ने कुल 500 अंकों में से 449 अंक हासिल कर 89.80 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं। उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय, परिवार तथा पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है।
छदान गांव निवासी साकेत तिवारी ने सीमित संसाधनों के बीच कठिन परिश्रम, अनुशासन और लगन से यह सफलता प्राप्त की। उनके पिता श्री सुरेश तिवारी हैदराबाद में अभियंता के पद पर कार्यरत हैं, जबकि माता श्रीमती वंदना तिवारी गृहिणी हैं। माता-पिता ने हर कदम पर उनका मार्गदर्शन किया और पढ़ाई के लिए निरंतर प्रेरित किया।
साकेत ने बताया कि उन्होंने सफलता के लिए सोशल मीडिया से दूरी बनाए रखी और अपना पूरा ध्यान पढ़ाई पर केंद्रित किया। उन्होंने नियमित अध्ययन के साथ ऑनलाइन कक्षाओं की मदद से अपनी तैयारी पूरी की। उनका लक्ष्य जिले में प्रथम स्थान प्राप्त करना था, जिसे वह आने वाली परीक्षाओं में हासिल करने के लिए संकल्पित हैं। आगे चलकर उनका सपना अभियंता बनने का है।
इस सफलता के पीछे परिवार के संघर्ष की कहानी भी जुड़ी है। साकेत के दादा श्री केशव राम तिवारी ने भावुक होकर बताया कि उन्होंने कठिन परिस्थितियों में मुंबई में फलों का ठेला लगाकर परिवार का पालन-पोषण किया। आज पौत्र की सफलता ने पूरे परिवार को सम्मान और खुशी दी है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री रविकांत ने साकेत को मेहनती, अनुशासित और प्रतिभाशाली छात्र बताते हुए कहा कि उसकी सफलता विद्यालय के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि साकेत की उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा बनेगी। साकेत ने अपनी सफलता का श्रेय गुरुजनों, माता-पिता और परिवार के आशीर्वाद को दिया है।
