होमगार्ड भर्ती परीक्षा केंद्रों का जिलाधिकारी ने किया औचक निरीक्षण
गर्मी को देखते हुए परीक्षार्थियों के लिए गुड़, पानी और सुविधाओं की व्यवस्था
जौनपुर
उत्तर प्रदेश होमगार्ड इनरोलमेंट परीक्षा-2025 के दूसरे दिन रविवार को जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने जिले के 19 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित प्रथम पाली की परीक्षा के दौरान विभिन्न केंद्रों का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने परीक्षा व्यवस्थाओं, सुरक्षा इंतजामों तथा परीक्षार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने मोहम्मद हसन इंटर कॉलेज, बीआरपी इंटर कॉलेज, टीडी विधि महाविद्यालय सहित अन्य परीक्षा केंद्रों का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों से परीक्षा संचालन की जानकारी ली और सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से सीसीटीवी कैमरों की सक्रियता, परीक्षा की पारदर्शिता और सुरक्षा व्यवस्था पर ध्यान देने को कहा।
भीषण गर्मी को देखते हुए जिलाधिकारी ने परीक्षार्थियों के लिए पेयजल, गुड़, बैठने की व्यवस्था तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक केंद्र पर स्वच्छ पेयजल और पर्याप्त मात्रा में गुड़ उपलब्ध रहे, ताकि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। इस दौरान जिलाधिकारी ने परीक्षा केंद्रों के प्रधानाचार्यों को गुड़ भेंट किया और इसे परीक्षार्थियों में वितरित कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशों के क्रम में गर्मी को देखते हुए सभी परीक्षा केंद्रों पर विशेष इंतजाम किए गए हैं। परीक्षा केंद्रों के अंदर अभ्यर्थियों के साथ-साथ बाहर मौजूद अभिभावकों के लिए भी पेयजल और गुड़ की व्यवस्था की गई है।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने परीक्षा केंद्रों के बाहर मौजूद अभिभावकों से संवाद कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए पूरी तरह सतर्क है। जिलाधिकारी स्वयं तथा अन्य अधिकारी लगातार भ्रमणशील रहकर परीक्षा प्रक्रिया की निगरानी कर रहे हैं।
