screenshot

रिजर्व पुलिस लाइन में दीक्षांत परेड समारोह का भव्य आयोजन

Bharat Ka News


 रिजर्व पुलिस लाइन में दीक्षांत परेड समारोह का भव्य आयोजन


687 नवआरक्षियों ने दमदार परेड से जीता सबका दिल


सेवा, सुरक्षा और सुशासन का संकल्प लेकर थानों के लिए रवाना हुए रिक्रूट



जौनपुर


रिजर्व पुलिस लाइन में रविवार को ‘रिक्रूट आरक्षी दीक्षांत परेड समारोह 2025-26’ का भव्य एवं गरिमामय आयोजन हुआ। परेड ग्राउंड पर अनुशासन, जोश और गौरव का अद्भुत संगम देखने को मिला। नौ माह के कठोर प्रशिक्षण के बाद 24 टोलियों में शामिल कुल 687 रिक्रूट आरक्षियों ने शानदार परेड प्रदर्शन कर उपस्थित अधिकारियों, अभिभावकों और अतिथियों का मन मोह लिया। समारोह के मुख्य अतिथि पुलिस उपमहानिरीक्षक वाराणसी परिक्षेत्र वैभव कृष्ण रहे, जिन्होंने परेड की सलामी ली और टोलियों का निरीक्षण किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 8:25 बजे परेड कमांडर तृतीय द्वारा परेड को मैदान में लाने के साथ हुआ। इसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जौनपुर कुंवर अनुपम सिंह के आगमन पर औपचारिक अभिवादन किया गया। मुख्य अतिथि के आगमन के बाद सुसज्जित टोलियों ने अनुशासित मार्चपास्ट प्रस्तुत किया, जिसकी उपस्थित जनसमूह ने सराहना की। समारोह के दौरान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संबोधन का सजीव प्रसारण भी किया गया, जिसमें उन्होंने पुलिस बल को आधुनिक, संवेदनशील और अपराध के प्रति कठोर बनने का संदेश दिया।

अपने संबोधन में मुख्य अतिथि वैभव कृष्ण ने कहा कि उत्तर प्रदेश पुलिस का गौरवशाली इतिहास 160 वर्षों से अधिक पुराना है और यह विश्व की सबसे बड़ी सिविल पुलिस फोर्स में शामिल है। उन्होंने नवआरक्षियों से कहा कि वर्दी केवल पोशाक नहीं, बल्कि विश्वास, सुरक्षा और न्याय का प्रतीक है। जनता जब थाने आती है तो वह उम्मीद लेकर आती है, इसलिए हर पुलिसकर्मी को मृदुभाषी, संवेदनशील और कर्तव्यनिष्ठ होना चाहिए। उन्होंने साइबर अपराध, सोशल मीडिया पर फैल रही भ्रामक सूचनाओं तथा डिजिटल साक्ष्यों की समझ विकसित करने पर भी बल दिया।

समारोह में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षुओं को सम्मानित किया गया। अमित कुमार को आंतरिक परीक्षा में प्रथम तथा सर्वांग सर्वोत्तम प्रशिक्षु घोषित किया गया, जबकि अनिकेत ने बाह्य परीक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त किया। अंत में एसएसपी कुंवर अनुपम सिंह ने सभी नवआरक्षियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इसके बाद 687 रिक्रूट आरक्षी तथा अन्य प्रशिक्षण केंद्रों से आए कुल 1461 प्रशिक्षुओं को व्यवहारिक प्रशिक्षण हेतु जिले के विभिन्न थानों पर तैनाती के लिए रवाना किया गया। समारोह में कई पुलिस अधिकारी, कर्मचारी और प्रशिक्षुओं के अभिभावक उपस्थित रहे।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!