पत्रकार अजीम सिद्दीकी को मातृशोक, क्षेत्र में दौड़ी शोक की लहर
खेतासराय, जौनपुर। स्थानीय क्षेत्र के पाराकमाल गांव निवासी पत्रकार अज़ीम सिद्दीकी की माता का रविवार की प्रातः लगभग 8 बजे आकस्मिक निधन हो गया। इस दुःखद समाचार के फैलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। परिवार के साथ पत्रकारिता जगत एवं उनके शुभचिंतकों में गहरा दुःख व्याप्त हो गया। माता जी का निधन न केवल परिवार के लिए, बल्कि समाज के लिए भी एक अपूरणीय क्षति के रूप में देखा जा रहा है। माता का स्थान जीवन में सर्वोपरि होता है और उनके स्नेह, मार्गदर्शन एवं आशीर्वाद के बिना जीवन अधूरा प्रतीत होता है। इस दुखद घड़ी में क्षेत्र के लोग एवं पत्रकार साथी अज़ीम सिद्दीकी के साथ खड़े नजर आये।
वहीं सूचना मिलते ही शोक संवेदना व्यक्त करने वालों का तांता उनके आवास पर लग गया। विभिन्न सामाजिक, राजनीतिक एवं पत्रकारिता जगत से जुड़े लोगों ने पहुँचकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया। इसी क्रम में कस्बा स्थित मीडिया कार्यालय पर शोकसभा हुई जिसकी अध्यक्षता करते हुये वरिष्ठ पत्रकार आनन्द सिंह ने कहा कि माता का साया जीवन की सबसे बड़ी शक्ति होता है और उसका चले जाना अत्यन्त पीड़ादायक होता है। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें तथा शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में धैर्य एवं संबल दें।
इस दौरान उपस्थित पत्रकारों एवं नागरिकों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शान्ति के लिये प्रार्थना किया। शोकसभा में वरिष्ठ पत्रकार राममूर्ति यादव, विवेक श्रीवास्तव, यूसुफ खान, फहीम अहमद, राकेश शर्मा, उमेश सिंह, मोनू श्रीवास्तव, मनीष यादव सहित तमाम पत्रकार उपस्थित रहे। शोकसभा का संचालन सुरेश कुमार ने किया।
.jpg)