प्राथमिक विद्यालय सरैयां में धूमधाम से मनाया गया वार्षिक उत्सव
सांस्कृतिक कार्यक्रमों से छात्रों ने जीता दिल, बीईओ ने बच्चों का बढ़ाया उत्साह
धर्मापुर जौनपुर
धर्मापुर ब्लॉक क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय सरैयां में सोमवार को वार्षिक उत्सव कार्यक्रम बड़े ही उत्साह और उल्लास के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) राजेश कुमार वैश्य रहे। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ हुई, जिसके बाद विद्यालय के बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से माहौल को उत्सवमय बना दिया।
विद्यालय के छात्रों ने देशभक्ति गीत, आकर्षक नृत्य, प्रेरणादायक नाटक एवं योगा प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। विशेष रूप से बच्चों द्वारा प्रस्तुत नाटक, जिसमें अभिभावकों को अपने बच्चों को विद्यालय भेजने के लिए प्रेरित किया गया, ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। बच्चों की प्रतिभा और आत्मविश्वास ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया और तालियों की गड़गड़ाहट से पूरा परिसर गूंज उठा।
मुख्य अतिथि बीईओ राजेश कुमार वैश्य ने अपने संबोधन में कहा कि वार्षिक उत्सव केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि बच्चों की प्रतिभा को निखारने और उनके सपनों को उड़ान देने का महत्वपूर्ण मंच है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजें, जिससे उनका सर्वांगीण विकास हो सके। उन्होंने यह भी कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से बच्चों का आत्मविश्वास बढ़ता है और वे आगे बढ़ने के लिए प्रेरित होते हैं।
कार्यक्रम का संचालन शिक्षक विक्रम प्रकाश यादव ने कुशलतापूर्वक किया। प्रधानाध्यापिका संगीता राय ने सभी अतिथियों एवं अभिभावकों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर एआरपी पंकज सिंह, रंजय कुमार रजक, हारून अली, सुनीता त्रिपाठी, अखिलेश यादव, अरविंद यादव, सविता सरोज सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

