अतुल्य वेल्फेयर ट्रस्ट की पहल: महिलाओं के लिए निःशुल्क प्रशिक्षण शुरू
आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ते कदम, बड़ी संख्या में युवतियों की भागीदारी
जौनपुर:- अतुल्य वेल्फेयर ट्रस्ट द्वारा महिलाओं और युवतियों को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से एक माह का निःशुल्क ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण कार्यशाला का शुभारंभ जौनपुर शहर में टीप-टॉप ब्यूटी पार्लर, टीडी कॉलेज दक्षिणी गेट के पास किया गया। इस पहल का उद्देश्य महिलाओं को स्वरोजगार के लिए प्रशिक्षित कर आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है।
कार्यशाला का उद्घाटन मुख्य अतिथि महिला थानाध्यक्ष श्रीमती श्यामा तिवारी ने किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण शिविर महिलाओं के सशक्तिकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और इससे प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली युवतियां अपने पैरों पर खड़ी हो सकेंगी। विशिष्ट अतिथि तेज डायग्नोस्टिक सेंटर की संचालिका श्रीमती बबीता सिंह ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह अभियान महिलाओं के आत्मविश्वास को बढ़ाने में सहायक सिद्ध होगा।
उर्वशी सिंह ने बताया कि ट्रस्ट द्वारा पहले भी कई स्थानों पर इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं और वर्तमान में खुज्झी चंदवक में भी कार्यशाला संचालित हो रही है। जौनपुर शहर में इस आयोजन का उद्देश्य अधिक से अधिक महिलाओं को जोड़ना है।
प्रशिक्षिका सीमा गुप्ता ने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों के लिए साप्ताहिक प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी, जिससे उनमें सीखने की रुचि और उत्साह बना रहेगा। बेहतर प्रदर्शन करने वाली प्रतिभागियों को समापन समारोह में सम्मानित भी किया जाएगा।
कार्यक्रम में डॉ. पूनम सिंह, ज्ञान चंद गुप्ता, रजनी सोनी, ट्रेनर आलिया, रीना, सुधा, रिशु सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। अंत में महासचिव श्रीमती राधिका सिंह ने सभी का आभार व्यक्त किया।
