टीडी इंटर कॉलेज में शुरू हुई अंग्रेजी माध्यम की पढ़ाई, छात्रों को मिलेगा नया अवसर
आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित हुआ विद्यालय, कॉन्वेंट स्तर की शिक्षा का दावा
जौनपुर:- जनपद स्थित तिलकधारी इंटर कॉलेज (टीडी इंटर कॉलेज) में नए शैक्षणिक सत्र से अंग्रेजी माध्यम की पढ़ाई शुरू कर दी गई है। प्रधानाचार्य डॉ. सत्य प्रकाश सिंह ने गुरुवार को बताया कि यह पहल विशेष रूप से गरीब एवं मध्यम वर्ग के उन विद्यार्थियों के लिए की गई है, जो अंग्रेजी माध्यम में शिक्षा प्राप्त करना चाहते हैं लेकिन संसाधनों के अभाव में ऐसा नहीं कर पाते।
उन्होंने बताया कि विद्यालय को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करते हुए कॉन्वेंट स्कूलों के स्तर तक विकसित किया गया है। योग्य एवं प्रशिक्षित शिक्षकों की नियुक्ति की गई है, जो विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाएं उत्तीर्ण कर चुके हैं। विद्यालय परिसर में छात्राओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बालिका भवन में सुरक्षा गार्ड की तैनाती की गई है। इसके अलावा डीलक्स शौचालय, इंटरलॉकिंग, हरित लॉन, 15 केवी जनरेटर, सबमर्सिबल पंप और शुद्ध पेयजल के लिए आरओ सिस्टम की व्यवस्था की गई है।
विद्यालय में स्वास्थ्य परीक्षण शिविरों का आयोजन, खेल सुविधाओं जैसे स्केटिंग, बॉक्सिंग व मल्लखंभ की व्यवस्था, तथा सीसीटीवी कैमरों की निगरानी जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं। पुस्तकालय, प्रयोगशाला, कंप्यूटर कक्ष और कार्यालय को भी सुदृढ़ किया गया है।
प्रधानाचार्य ने बताया कि कक्षा 6 से 11 तक अंग्रेजी माध्यम की पढ़ाई सफलतापूर्वक संचालित की जा रही है। साथ ही छात्रों के नैतिक विकास के लिए नियमित प्रार्थना सभा, गायत्री मंत्र, राष्ट्रगान और हनुमान चालीसा का पाठ भी कराया जाता है, जिससे उनका सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो सके।
