screenshot

अंबेडकर जयंती पर निकला भव्य जुलूस, 'जय भीम' के नारों से गूंजा नगर

Bharat Ka News

 अंबेडकर जयंती पर निकला भव्य जुलूस, 'जय भीम' के नारों से गूंजा नगर





डीजे, बैंड-बाजे और झांकियों के साथ हजारों लोग हुए शामिल, झांकियों में दिखा बाबा साहब का जीवन संघर्ष



शाहगंज जौनपुर


भारत रत्न डॉक्टर भीमराव आंबेडकर की जयंती के अवसर पर नगर में सोमवार को भव्य और विशाल जुलूस निकाला गया। इस दौरान नगर का माहौल पूरी तरह उत्सवमय रहा। दर्जनों डीजे, बैंड-बाजे और आकर्षक झांकियों के साथ निकले इस जुलूस में हजारों की संख्या में लोग शामिल हुए। जुलूस की शुरुआत में नगर के विभिन्न मोहल्लों व आसपास के ग्रामीण इलाकों के लोग आजमगढ़ मार्ग व बाई पास पर एकत्रित हुए, यहां से दोपहर में जुलूस की शक्ल में लोग मुख्य मार्ग से होते हुए विभिन्न निर्धारित मार्गों पर भ्रमण किए। जगह-जगह लोगों ने बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। झांकियों में उनके जीवन, संघर्ष और संविधान निर्माण में उनके योगदान को सुंदर ढंग से प्रस्तुत किया गया, जो लोगों के आकर्षण का केंद्र बना रहा।

डीजे की धुन पर युवा वर्ग जमकर थिरकता नजर आया, वहीं महिलाएं और बुजुर्ग भी उत्साह के साथ जुलूस में शामिल हुए। पूरा नगर “जय भीम” के नारों से गूंज उठा। जुलूस में सैकड़ों ई रिक्शा पर सवार होकर बुजुर्गों ने जुलूस के साथ भ्रमण किया। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद दिखा। जुलूस के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो, इसके लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। पुलिस टीम लगातार नगर में भ्रमण कर स्थिति पर नजर बनाए रही। प्रमुख चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी गई। प्रशासन और आयोजन समिति के समन्वय से कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। जुलूस के समापन पर लोगों ने बाबा साहब के विचारों को आत्मसात करने और सामाजिक समरसता को मजबूत करने का संकल्प लिया।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!