अम्बेडकर जयंती पर छात्र-छात्राओं ने प्रस्तुत किए विचार
जौनपुर:- भारत रत्न डॉ. भीमराव अम्बेडकर जयंती (14 अप्रैल 2026) के उपलक्ष्य में शासन की मंशा के अनुरूप 15 अप्रैल 2026 को जय मॉ दुर्गा विद्यालय, सिद्दीकपुर जौनपुर में एक भव्य एवं प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस संबंध में जानकारी देते हुए जिला समाज कल्याण अधिकारी नीरज पटेल ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को डॉ. अम्बेडकर के विचारों एवं आदर्शों से अवगत कराना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. भीमराव अम्बेडकर जी की प्रतिमा एवं चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पण के साथ किया गया। इसके बाद आयोजित विचार गोष्ठी में छात्र-छात्राओं ने डॉ. अम्बेडकर के जीवन, उनके संघर्ष, समानता एवं सामाजिक न्याय के सिद्धांतों तथा भारतीय संविधान निर्माण में उनके महत्वपूर्ण योगदान पर अपने विचार व्यक्त किए। विद्यार्थियों ने निबंध, भाषण और विचार-विमर्श के माध्यम से सक्रिय सहभागिता दिखाई, जिससे कार्यक्रम का माहौल अत्यंत प्रेरणादायी बन गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ भाजपा पदाधिकारी सूर्य प्रकाश सिंह (मुन्ना) ने की। उन्होंने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को डॉ. अम्बेडकर के आदर्शों पर चलने और समाज में समानता एवं न्याय स्थापित करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही वह माध्यम है, जिससे समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाया जा सकता है।
कार्यक्रम के अंत में प्रतिभाग करने वाले विद्यालय के 20 छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन आभार ज्ञापन के साथ हुआ।
