अंबेडकर जयंती पर जनपद में श्रद्धा का सैलाब, जगह-जगह हुए कार्यक्रम
जिलाधिकारी सहित अधिकारियों ने किया माल्यार्पण, बाबा साहब के आदर्शों पर चलने का संकल्प
जौनपुर
भारत रत्न बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर जी की जयंती के पावन अवसर पर पूरे जनपद में श्रद्धा और सम्मान का वातावरण देखने को मिला। विभिन्न स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों के तहत लोगों ने बाबा साहब की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया और उनके विचारों को स्मरण किया।
कलेक्ट्रेट तिराहे पर आयोजित मुख्य कार्यक्रम में जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि भारतीय लोकतंत्र और संविधान निर्माण में डॉ. अंबेडकर का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण और अविस्मरणीय है। उन्होंने कहा कि बाबा साहब एक महान शिक्षाविद, समाज सुधारक और अर्थशास्त्री थे, जिनके विचार आज भी समाज को दिशा देते हैं।
जिलाधिकारी ने उपस्थित लोगों से आह्वान किया कि वे बाबा साहब के जीवन मूल्यों—सामाजिक न्याय, समानता और समरसता—को अपने जीवन में अपनाएं। कार्यक्रम में मौजूद सभी लोगों ने संकल्प लिया कि वे अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा और ईमानदारी से करेंगे।
इस अवसर पर कलेक्ट्रेट सभागार में भी अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा बाबा साहब के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें याद किया गया। कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी (वि/रा) परमानंद झा, अपर जिलाधिकारी भू-राजस्व अजय अंबष्ट, नगर मजिस्ट्रेट इंद्र नंदन सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में भी बाबा साहब को श्रद्धांजलि दी गई। उन्होंने अपने संबोधन में शिक्षा, समानता और पारदर्शिता के महत्व पर जोर देते हुए सभी को ईमानदारी से कार्य करने की प्रेरणा दी।
इसी क्रम में जनपद के सभी तहसीलों और विकास खंडों में भी कार्यक्रम आयोजित कर बाबा साहब को नमन किया गया।
