जौनपुर में “दिशा” बैठक सम्पन्न, योजनाओं की समीक्षा के साथ अवैध खनन व राशन वितरण पर सख्त निर्देश
जौनपुर:
कलेक्ट्रेट सभागार में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति “दिशा” की बैठक मा० सांसद जौनपुर श्री बाबू सिंह कुशवाहा की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में सह-अध्यक्ष मा० सांसद मछलीशहर सुश्री प्रिया सरोज एवं श्रीमती सीमा द्विवेदी की गरिमामयी उपस्थिति रही।
बैठक के प्रारंभ में सभी अतिथियों का स्वागत पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्रम एवं इत्र भेंट कर किया गया। इसके बाद विभिन्न विभागों की योजनाओं की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
मा० अध्यक्ष ने जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देशित किया कि राशन कार्डों के सापेक्ष वितरण सूची जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध कराई जाए और वितरण में किसी प्रकार की घटतौली न हो। पात्र लाभार्थियों के नाम सूची से न काटे जाने के भी निर्देश दिए गए।
“बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ” योजना की समीक्षा के दौरान कस्तूरबा गांधी विद्यालयों को जागरूकता कार्यक्रम से जोड़ने के निर्देश दिए गए। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना में जनपद के प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर जिलाधिकारी को बधाई दी गई।
प्रधानमंत्री सांसद आदर्श ग्राम योजना, अवैध खनन एवं “माइन मित्र” पोर्टल के प्रचार-प्रसार पर भी जोर दिया गया। पिलकिछा घाट पर अवैध खनन की शिकायत पर सर्वे कराकर पट्टा घोषित कराने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश पुलिस अधीक्षक को दिए गए।
रेलवे परियोजनाओं की समीक्षा के दौरान अधूरी जानकारी पर नाराजगी जताई गई। बदलापुर में निर्माणाधीन फ्लाईओवर में रेलवे के सहयोग न मिलने पर उच्चाधिकारियों को पत्र भेजने के निर्देश दिए गए। साथ ही जहां आवश्यक हो, अंडरपास निर्माण के प्रस्ताव देने को कहा गया।
एनएचएआई अधिकारियों को राष्ट्रीय राजमार्गों पर गलत साइनेज हटाने, अवैध कट बंद कराने और दुर्घटना स्थलों पर रंबल स्ट्रिप्स लगाने के निर्देश दिए गए। टोल प्लाजा पर कर्मचारियों के दुर्व्यवहार पर भी सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
शिक्षा विभाग की समीक्षा में आरटीई, मिड-डे मील एवं विद्यालयों में जनप्रतिनिधियों की सहभागिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। मिड-डे मील में प्रोटीन युक्त भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में सीएचसी बदलापुर में एक्स-रे मशीन, मीरगंज पीएचसी में बाउंड्रीवाल व डिजिटल एक्स-रे तथा सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर साफ-सफाई सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए। मेडिकल कॉलेज में प्रतिदिन 3500 से अधिक ओपीडी होने पर संतोष व्यक्त किया गया।
कृषि विभाग को बीज व उर्वरकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने और किसान फसल बीमा योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में जाम की समस्या, स्ट्रीट लाइट, सड़कों की गुणवत्ता जांच सहित विभिन्न जनसमस्याओं पर भी चर्चा हुई। मा० अध्यक्ष ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजनाओं में जनप्रतिनिधियों को अनिवार्य रूप से आमंत्रित किया जाए।
जिलाधिकारी ने आश्वस्त किया कि बैठक में दिए गए सभी निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराया जाएगा।
इस अवसर पर जनपद के सभी विधायक, एमएलसी, जनप्रतिनिधि एवं अधिकारीगण उपस्थित रहे।
.jpeg)