वरिष्ठ शिक्षाविद् एवं पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष प्रो. एसपी सिंह नहीं रहे
जौनपुर के राम घाट पर हुआ अन्तिम संस्कार, उमड़ी भारी भीड़जौनपुर। सूर्यबली सिंह पब्लिक सीनियर सेकेंडरी विद्यालय के संस्थापक/प्रबन्धक एवं टीडी कॉलेज के भौतिकी एवं कम्प्यूटर विज्ञान विभाग के पूर्व अध्यक्ष प्रो. शिव प्रसाद सिंह का रविवार को निधन हो गया। लखनऊ स्थित केजीएमसी में उपचार के दौरान श्री सिंह का निधन हुआ जिसके बाद परिजन उनके शव को टीचर्स कालोनी हुसेनाबाद स्थित अपने आवास पर लाये जहां जानकारी होने पर लोगों का तांता लग गया। उधर निधन की खबर मिलते ही पूरे जनपद में शोक की लहर दौड़ गयी। उनका अंतिम संस्कार राम घाट पर हुआ जहां मुखाग्नि उनके पुत्र विजेन्द्र सिंह ने किया। इस मौके पर उपस्थित तमाम लोगों ने नम आंखों से उन्हें अन्तिम विदाई दिया।
जिले के प्रतिष्ठित शिक्षाविद्, कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष एवं तिलकधारी महाविद्यालय के अवकाशप्राप्त विभागाध्यक्ष प्रो. शिव प्रसाद सिंह 95 वर्ष लम्बे समय से अस्वस्थ चल रहे थे जिसके चलते उन्हें लखनऊ में चिकित्सकों की निगरानी में भर्ती कराया गया था। रविवार सुबह अचानक हृदयाघात आने से उन्होंने अंतिम सांस ली। प्रो. सिंह न केवल एक कुशल शिक्षक थे, बल्कि शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान को सदैव याद किया जायेगा। उन्होंने समाजवादी इण्टर कालेज के संस्थापक/अध्यक्ष के रूप में शिक्षा की अलख जगायी तो सूर्यबली सिंह पब्लिक स्कूल मियांपुर की स्थापना करके नयी पीढ़ी के भविष्य को संवारने का कार्य किया। उनके व्यक्तित्व में सादगी, अनुशासन और समाजसेवा की भावना स्पष्ट रूप से झलकती थी।
बता दें कि वे अपने पीछे एक पुत्र और 4 पुत्रियों सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गये हैं। उनके निधन की सूचना मिलते ही उनके आवास पर शोक व्यक्त करने वालों का तांता लग गया। क्षेत्र के शिक्षाविदों, राजनीतिक व्यक्तियों एवं आम जनमानस ने उनके निधन को अपूरणीय क्षति बताया। प्रो. सिंह का जाना जौनपुर के शैक्षिक और सामाजिक जीवन के लिये एक युग का अन्त माना जा रहा है। उनकी स्मृतियां सहित उनके कार्य सदैव लोगों के दिलों में जीवित रहेंगे।
.jpg)