50 साल पुरानी आबादी पर अवैध पट्टे का आरोप
पीड़िता ने तहसीलदार-लेखपाल पर लगाया आरोप, डीएम से लगायी गुहारजौनपुर। बदलापुर तहसील क्षेत्र के महराजगंज विकास खण्ड अन्तर्गत ग्राम केवटली में 50 साल पुरानी आबादी की जमीन पर अवैध पट्टा करने और मकान तुड़वाने का आरोप लगा है। पीड़िता निर्मला देवी ने तहसीलदार और लेखपाल पर आरोप लगाते हुये बीते बुधवार को जिलाधिकारी से न्याय की गुहार लगायी। निर्मला देवी, जो ग्राम केवटली की निवासी हैं, ने बताया कि गाटा संख्या 340 में उनकी लगभग 50 साल पुरानी आबादी है। इस जमीन पर उनका मड़ई, चरनी, हैण्डपम्प और दरवाजा मौजूद है। पूर्व तहसीलदार राकेश कुमार ने लेखपाल के साथ मिलकर उनकी आबादी की जमीन पर कुछ लोगों को अवैध रूप से पट्टा कर दिया। निर्मला के अनुसार लेखपाल ने मौके पर पहुंचकर उनका मड़ई तोड़ दिया और नाद आदि भी हटा दिया। पीड़िता के अनुसार इस जमीन से सम्बन्धित मामले दीवानी न्यायालय, उच्च न्यायालय इलाहाबाद और कमिश्नर कोर्ट वाराणसी में विचाराधीन हैं।
पीड़िता ने शिकायती पत्र में उल्लेख किया कि 28 मार्च 2026 को लेखपाल ने उनके दरवाजे पर एक नोटिस चिपकाया था। इसमें उन्हें 2 अप्रैल 2026 तक छप्पर हटाने का निर्देश दिया गया था, अन्यथा जबरन हटाने की धमकी दी गयी थी। निर्मला के अनुसार धनावती पत्नी बृजलाल, शिवकुमारी पत्नी जिया लाल, आशा पत्नी श्याम लाल जैसे कुछ लोग चोरी-छिपे उनकी जमीन पर दीवार का निर्माण कर रहे हैं। पीड़िता ने शिकायती पत्र में पुलिस प्रशासन की भूमिका पर भी सवाल उठाया। साथ ही कहा कि जब वह 112 नम्बर पर पुलिस को फोन करती है तो पुलिसकर्मी भी कथित तौर पर गैर-कानूनी काम करने वालों का पक्ष लेते हैं।
पत्र के माध्यम से पीड़िता ने 'कानून के राज के स्थान पर जंगल राज कायम होने' का आरोप लगाया। साथ ही जिलाधिकारी से मांग किया कि उनकी आबादी की जमीन से अवैध कब्जा हटवाया जाय। विपक्षी द्वारा किये जा रहे निर्माण को रोका जाय और न्यायालय से अंतिम निर्णय आने तक जमीन पर यथास्थिति बनाए रखी जाय। इस मामले में जिलाधिकारी कार्यालय की ओर से क्या कार्यवाही की जाती है, यह देखना बाकी है। वहीं तहसील प्रशासन से इस सम्बन्ध में अभी तक कोई प्रतिक्रिया प्राप्त नहीं हुई है।
.jpg)