डीएम ने प्रदर्शनी का किया निरीक्षण, प्रबन्धक को दिया आवश्यक निर्देश
जौनपुर। जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने बीआरपी कॉलेज के मैदान में आयोजित प्रदर्शनी का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रदर्शनी में लगाये गये विभिन्न स्टॉलों सहित अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुये प्रदर्शनी के प्रबन्धक को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। उन्होंने निर्देशित किया कि प्रदर्शनी स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ रखी जाय तथा झूलों सहित अन्य उपकरणों की नियमित जांच सुनिश्चित की जाय। उन्होंने बड़े झूलों सहित अन्य संरचनाओं की पीडब्ल्यूडी द्वारा जांच कराये जाने तथा सीसीटीवी व्यवस्था क्रियाशील रखने के निर्देश दिये। साथ ही सख्त निर्देश दिये कि आयोजन स्थल की नियमित साफ—सफाई भी करायी जाय।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि सभी वालंटियर्स एवं कर्मचारियों के पहचान पत्र अनिवार्य रूप से बनाये जायं तथा विद्युत पोल एवं वायरिंग की सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाय। मेले में अग्निशमन व्यवस्था को दुरुस्त रखने तथा फायर सेफ्टी उपकरण मानक के अनुरूप स्थापित किए जाने के निर्देश दिये। प्रदर्शनी स्थल पर साफ-सफाई, शौचालयों की पर्याप्त व्यवस्था एवं पेयजल उपलब्धता के संबंध में जानकारी लेते हुये सम्बन्धित अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिये।
उन्होंने खान-पान की गुणवत्ता के सम्बन्ध में उपस्थित लोगों से संवाद कर व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की दुकानों पर रेट लिस्ट लगाने के निर्देश देते हुये कहा कि किसी प्रकार की शिकायत प्राप्त होने पर तत्काल कार्यवाही की जाय। इस अवसर पर मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अम्बष्ट, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व परमानन्द झा सहित अन्य उपस्थित सम्बन्धित विभागों के अधिकारी, कर्मचारी आदि उपस्थित रहे।
