दूल्हा हत्याकाण्ड के परिजनों में फिर छायी मायूसी
एक लाख के ईनामी प्रदीप बिन्द ने भी किया सरेंडरजौनपुर। चर्चित दूल्हा हत्याकाण्ड में फरार चल रहा 1 लाख का ईनामी आरोपी प्रदीप बिन्द ने पुलिस को चकमा देकर शुक्रवार को न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। आरोपी के कोर्ट में सरेंडर करने की जानकारी मिलते ही मृतक दूल्हे के परिजनों में एक बार फिर मायूसी छा गई। परिवार का कहना है कि वे आरोपी की गिरफ्तारी पुलिस मुठभेड़ या गिरफ्तारी के जरिये चाहते थे लेकिन उसके सरेंडर करने से उन्हें निराशा हुई।
बता दें कि बीते 1 मई को खेतासराय थाना क्षेत्र के मनेछा गांव के पास बारात लेकर जा रहे दूल्हे आजाद बिन्द की बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस वारदात से पूरे जिले में हड़कम्प मच गया था। शादी की खुशियां पल भर में मातम में बदल गई थीं। घटना के बाद पुलिस ने मामले में कई आरोपियों को गिरफ्तार किया था जबकि मुख्य आरोपी प्रदीप बिन्द फरार चल रहा था।
बताते चलें कि प्रदीप की गिरफ्तारी के लिये पुलिस ने 1 लाख रुपये का ईनाम घोषित किया था। साथ ही लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी। इसके बावजूद आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर रहा। अब प्रदीप बिन्द ने पुलिस के हाथ लगने से पहले ही न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। न्यायालय की प्रक्रिया पूरी होने के बाद उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजे जाने की कार्यवाही की गयी। दूल्हा हत्याकांड जिले की सबसे चर्चित घटनाओं में से एक रहा है। मामले की सुनवाई अब न्यायालय में आगे बढ़ेगी जबकि पीड़ित परिवार आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग पर कायम है।
.jpg)