कृपाशंकर सिंह के प्रयास से श्री नारायण दिव्य धाम मंदिर के लिए दो करोड़ रुपये स्वीकृत
जौनपुर:
लोकसभा क्षेत्र अंतर्गत तहसील बदलापुर के विकास खंड महराजगंज की ग्रामसभा फत्तूपुर में स्थित परमहंस योगाश्रम सहज धाम परिसर में बन रहे भव्य भगवान श्रीकृष्ण मंदिर (श्री नारायण दिव्य धाम मंदिर) के सुंदरीकरण और विकास कार्यों के लिए दो करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है।
यह स्वीकृति पूर्व गृह राज्यमंत्री कृपाशंकर सिंह द्वारा दिए गए प्रस्ताव और निवेदन पर उत्तर प्रदेश सरकार के पर्यटन विभाग के कैबिनेट मंत्री जयवीर सिंह द्वारा प्रदान की गई।
इस धनराशि से मंदिर परिसर का सुंदरीकरण व नवीनीकरण, साधु-संतों और भक्तों के ठहरने के लिए भवन निर्माण, तथा छात्रों को संस्कृति शिक्षा और पठन-पाठन की सुविधा के लिए पुस्तकालय (बहुउद्देशीय हॉल) का निर्माण कराया जाएगा। साथ ही परिसर में अन्य आवश्यक विकास कार्य भी किए जाएंगे।
धनराशि स्वीकृत होने की खबर से क्षेत्रवासियों और श्रद्धालुओं में खुशी का माहौल है।

