गुरुजी का ज्ञान या दंगल का मैदान? जौनपुर के स्कूल में शिक्षिकाओं की ‘क्लास’ बच्चों के सामने ही फेल”
जौनपुर। शाहगंज ब्लॉक के कुहिया कम्पोजिट विद्यालय में उस समय शिक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए, जब क्लासरूम ही अखाड़े में बदल गया। बच्चों को अनुशासन और संस्कार सिखाने वाली शिक्षिकाएं आपस में ही धक्का-मुक्की और तीखी नोकझोंक करती नजर आईं। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
मामले में प्रधानाध्यापिका अनीता गुप्ता ने सहायक अध्यापिका पर मारपीट और अभद्र व्यवहार का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है। उनका कहना है कि घटना के छह दिन बाद भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, जिससे आहत होकर वह बुधवार को एसपी कार्यालय पहुंचीं और न्याय की गुहार लगाई।
प्रधानाध्यापिका के अनुसार, 13 मार्च 2026 को सुबह करीब 9:02 बजे विद्यालय परिसर में अचानक विवाद शुरू हुआ। आरोप है कि सहायक शिक्षिका ने बिना वजह अभद्र भाषा का प्रयोग किया और जब घटना का वीडियो बनाया जाने लगा तो वह आक्रामक हो गईं। इसी दौरान बच्चों के सामने ही धक्का-मुक्की और हाथापाई हुई, जिसमें प्रधानाध्यापिका को चोटें भी आईं। हैरानी की बात यह है कि पूरी घटना स्कूल के सीसीटीवी कैमरों में कैद बताई जा रही है, जिसे साक्ष्य के तौर पर पेश करने की बात कही गई है।पीड़िता ने संबंधित शिक्षिका के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि ऐसी घटनाएं न सिर्फ विद्यालय का माहौल बिगाड़ती हैं, बल्कि बच्चों के मानसिक विकास पर भी बुरा असर डालती हैं।
वहीं, शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने मामले को गंभीर बताते हुए कहा है कि शिकायत प्राप्त हो गई है और जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल, वायरल वीडियो ने जिले में चर्चा छेड़ दी है और लोग सवाल कर रहे हैं—
“जहां गुरु ही संयम खो दें, वहां बच्चों को संस्कार कौन सिखाएगा?”


