जौनपुर में अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन, 32 लाख से अधिक मतदाता दर्ज
विशेष पुनरीक्षण अभियान से बढ़ी पारदर्शिता, नए मतदाताओं की संख्या में इजाफा
जौनपुर:जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. दिनेश चन्द्र की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 के अंतर्गत अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन को लेकर प्रेसवार्ता आयोजित की गई। उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अर्हता तिथि 1 जनवरी 2026 के आधार पर 6 जनवरी से 6 मार्च 2026 तक दावे और आपत्तियां प्राप्त की गईं, जिनका नियमानुसार निस्तारण किया गया।
पुनरीक्षण से पूर्व जनपद में कुल 35,70,851 मतदाता थे, जिनमें 18,59,013 पुरुष, 17,11,692 महिला और 146 तृतीय लिंग मतदाता शामिल थे। विशेष अभियान के दौरान डुप्लीकेट, मृतक एवं स्थानांतरित मतदाताओं को अलग करते हुए 2,98,13,08 मतदाता आलेख्य सूची में प्रकाशित किए गए। इसके बाद 8,52,715 मतदाताओं को नोटिस देकर 9 ईआरओ और 293 एईआरओ द्वारा सुनवाई की गई।
इस व्यापक प्रक्रिया में 4172 बूथ लेवल अधिकारियों और 421 सुपरवाइजरों ने घर-घर जाकर सत्यापन कार्य किया। परिणामस्वरूप 2,53,669 नए मतदाताओं को जोड़ा गया। अंतिम प्रकाशन के अनुसार अब जनपद में कुल 32,18,897 मतदाता पंजीकृत हैं, जिनमें 17,32,222 पुरुष, 14,86,556 महिला और 119 तृतीय लिंग मतदाता शामिल हैं।
विधानसभा वार आंकड़ों के अनुसार बदलापुर, शाहगंज, जौनपुर, मल्हनी, मुंगराबादशाहपुर, मछलीशहर, मड़ियाहू, जफराबाद और केराकत में मतदाताओं की संख्या निर्धारित की गई है। अंतिम मतदाता सूची 10 अप्रैल से एक सप्ताह तक सभी निर्वाचन कार्यालयों और मतदान केंद्रों पर निरीक्षण हेतु उपलब्ध रहेगी।
इस अवसर पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी परमानंद झा, जिला सूचना अधिकारी मनोकामना राय सहित अन्य अधिकारी और मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
