अम्मा हॉस्पिटल में तीन दिवसीय निःशुल्क आयुर्वेदिक शिविर का आयोजन
जोड़ों के दर्द से लेकर पीसीओडी तक कई बीमारियों का मिलेगा मुफ्त परामर्श
जौनपुर स्थित अम्मा हॉस्पिटल एवं पंचकर्म केन्द्र, जेसीज चौराहा के निकट तीन दिवसीय विशाल निःशुल्क आयुर्वेदिक शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर 10 अप्रैल से शुरू होकर 12 अप्रैल तक प्रतिदिन सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक आयोजित होगा, जिसमें मरीजों को विभिन्न रोगों के लिए विशेषज्ञ परामर्श उपलब्ध कराया जाएगा।
प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, प्रख्यात महिला चिकित्सक डॉ. कुसुम पाण्डेय ने बताया कि इस शिविर में जोड़ों का दर्द, साइटिका, पुरुष एवं महिला बांझपन, बालों का सफेद होना, पेट संबंधी समस्याएं, हाईपरएसिडिटी, चिंता, अवसाद, पीसीओडी, मासिक धर्म विकार, बाल झड़ना, इरिटेबल बॉवेल सिंड्रोम, नींद की समस्या, एनीमिया, सोरायसिस एवं एलर्जी जैसे रोगों का निःशुल्क परामर्श दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि शिविर में परामर्श लेने के लिए मरीजों का रजिस्ट्रेशन अनिवार्य है, जिसे अस्पताल में किसी भी समय कराया जा सकता है। इसके अलावा अस्पताल में आयुर्वेदिक उपचार भी रियायती दरों पर उपलब्ध कराए जाएंगे।
इस शिविर का उद्देश्य आमजन को आयुर्वेदिक चिकित्सा पद्धति के प्रति जागरूक करना और उन्हें सुलभ उपचार उपलब्ध कराना है, ताकि लोग बिना किसी आर्थिक बोझ के स्वास्थ्य लाभ प्राप्त कर सकें।

