जयमाल के बाद दुल्हन पक्ष ने शादी से किया इनकार, पंचायत में एक लाख लेकर भी मारपीट का आरोप
खेतासराय जौनपुर
लेदरही गांव में एक विवाह समारोह जयमाल के बाद विवाद में बदल गया। दुल्हन पक्ष ने अचानक शादी कराने से इनकार कर दिया। मामला पंचायत तक पहुंचा, जहां कथित रूप से एक लाख रुपये ऑनलाइन लेने के बाद समझौता हुआ। इसके बावजूद दूल्हा पक्ष ने बंधक बनाकर मारपीट और धमकी देने का आरोप लगाया है।
शाहगंज थाना क्षेत्र के ताखा पश्चिम शिवपुर निवासी अवधेश राजभर की बारात सोमवार को लेदरही गांव पहुंची थी। स्वागत और जयमाल के बाद अन्य रस्मों के दौरान वधू पक्ष ने शादी से मना कर दिया, जिससे समारोह में तनाव फैल गया। ग्रामीणों और रिश्तेदारों के हस्तक्षेप पर पंचायत हुई। दूल्हा पक्ष का आरोप है कि समझौते के तहत एक लाख रुपये ऑनलाइन भुगतान के बाद भी मंगलवार सुबह कुछ लोगों ने उन्हें बंधक बना लिया। गाली-गलौज की और विरोध पर मारपीट की। घटना में दूल्हा अवधेश राजभर, पिता वंशराज राजभर, भाई राकेश राजभर व मामा त्रिवेणी राजभर घायल हो गए। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने मारपीट का मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच कर विधिक कार्यवाही की जा रही है।
