अटेंडेंस मैनेजमेंट सिस्टम के विरोध में उतरे सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी, 11 जुलाई से प्रदेशव्यापी धरना का ऐलान
जौनपुर।*सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी संगठन (ACHOUP), उत्तर प्रदेश ने अटेंडेंस मैनेजमेंट सिस्टम को लेकर प्रदेश सरकार की कथित दोहरी नीति के विरोध में आंदोलन का ऐलान किया है। संगठन ने 11 जुलाई 2026 से पूरे प्रदेश में शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन शुरू करने की घोषणा की है। इस संबंध में जौनपुर में संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) गंगाराम गौतम को ज्ञापन सौंपकर अपनी मांगों से अवगत कराया।
संगठन का कहना है कि स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत विभिन्न संवर्गों के कर्मचारियों के लिए अलग-अलग नियम लागू करना न्यायसंगत नहीं है। यदि अटेंडेंस मैनेजमेंट सिस्टम लागू किया जाना है तो उसे विभाग के सभी कर्मचारियों पर समान रूप से लागू किया जाए। किसी एक वर्ग को अलग नियमों के दायरे में लाना भेदभावपूर्ण है, जिससे कर्मचारियों में असंतोष व्याप्त है।
जिला अध्यक्ष दिनेश कुमार एवं मीडिया प्रभारी मो. अहमद ने संयुक्त बयान जारी करते हुए कहा कि संगठन स्वास्थ्य विभाग में समानता और पारदर्शिता की मांग कर रहा है। उनका कहना है कि किसी भी नई व्यवस्था को लागू करने से पहले संबंधित कर्मचारी संगठनों से संवाद स्थापित किया जाना चाहिए, ताकि उनकी समस्याओं और सुझावों पर भी विचार किया जा सके।
पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि संगठन का प्रस्तावित आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण, लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक दायरे में रहेगा। उन्होंने कहा कि यदि सरकार उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं करती है तो 11 जुलाई से प्रदेशभर के सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी चरणबद्ध तरीके से धरना-प्रदर्शन करेंगे।
ज्ञापन सौंपने के दौरान संगठन के पदाधिकारियों ने CMO से मांग की कि उनकी बात शासन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाई जाए, जिससे स्वास्थ्य विभाग के सभी कर्मचारियों के लिए समान एवं न्यायपूर्ण नीति लागू की जा सके।
.jpg)