screenshot

पूर्वांचल विश्वविद्यालय का 30वां दीक्षांत समारोह संपन्न, 83 मेधावियों को मिले 84 स्वर्ण पदक

Bharat Ka News

 पूर्वांचल विश्वविद्यालय का 30वां दीक्षांत समारोह संपन्न, 83 मेधावियों को मिले 84 स्वर्ण पदक



339 शोधार्थियों को पीएचडी और एक को डी
एससी की उपाधि से किया गया सम्मानित


जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय, जौनपुर का 30वां दीक्षांत समारोह सोमवार को महंत अवेद्यनाथ संगोष्ठी भवन में हर्षोल्लास और भव्यता के साथ संपन्न हुआ। समारोह में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय की कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस दौरान विश्वविद्यालय के मेधावी छात्र-छात्राओं को पदक एवं उपाधियां प्रदान कर सम्मानित किया गया।

समारोह में कुल 83 मेधावी छात्र-छात्राओं को 84 स्वर्ण पदक प्रदान किए गए। वहीं 339 शोधार्थियों को पीएचडी तथा एक शोधार्थी को डीएससी की उपाधि से अलंकृत किया गया। मुख्य अतिथि मेजर जनरल गौरव गौतम एवं कुलपति प्रो. वंदना सिंह ने मेधावी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

दीक्षांत समारोह को यादगार बनाने के लिए विश्वविद्यालय परिसर को तिरंगे की थीम पर सजाया गया था। मेजर ध्यानचंद क्रीड़ा संकुल और संगोष्ठी भवन केसरी, सफेद और हरे रंगों से जगमगा रहे थे। परिसर की सुंदरता बढ़ाने के लिए कोलकाता से मंगाई गई मैक्सिकन घास भी आकर्षण का केंद्र रही।

पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से परिसर में मियाजाकी, लंगड़ा और चौसा आम, थाई जामुन तथा चीकू समेत विभिन्न फलदार पौधे भी रोपे गए। इसके साथ ही विश्वविद्यालय द्वारा गोद लिए गए पांच प्राथमिक विद्यालयों के बच्चों को भी समारोह में आमंत्रित किया गया। बच्चों ने शिक्षा और पर्यावरण संरक्षण से संबंधित सुंदर प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया।

समारोह के दौरान सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन और राजभवन की टीम पूरी तरह मुस्तैद रही। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी उपाधि प्राप्तकर्ताओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!