33/11 केवी विद्युत उपकेन्द्र सिपाह में लाइन स्टाफ को दिलाई गई सुरक्षा शपथ
जौनपुर। 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र सिपाह पर अवर अभियंता हरिनंदन राय की उपस्थिति में समस्त कुशल एवं अकुशल लाइन स्टाफ को विद्युत सुरक्षा की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्युत कार्यों के दौरान सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करना तथा दुर्घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाना रहा। अवर अभियंता हरिनंदन राय ने कहा कि प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर सुरक्षा नियमों की अनदेखी के कारण कई लाइन स्टाफ अपनी जान गंवा चुके हैं। ऐसे हादसों से बचाव के लिए प्रत्येक कर्मचारी का सुरक्षा मानकों का पालन करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि किसी भी कार्य से पहले सुरक्षा सर्वोपरि होनी चाहिए। शपथ के दौरान कर्मचारियों ने संकल्प लिया कि बिना लाइन क्लियर, परमिट तथा आवश्यक सुरक्षा सुनिश्चित किए कोई कार्य प्रारंभ नहीं करेंगे। साथ ही हेलमेट, इंसुलेटेड दस्ताने, सेफ्टी बेल्ट, सेफ्टी शूज सहित सभी सुरक्षा उपकरणों का अनिवार्य रूप से उपयोग करेंगे, किसी भी प्रकार का जोखिमपूर्ण कार्य नहीं करेंगे तथा अपने सहकर्मियों को भी सुरक्षित कार्य करने के लिए प्रेरित करेंगे। कर्मचारियों ने 'सुरक्षा पहले, कार्य बाद में' के सिद्धांत का सदैव पालन करने का भी संकल्प लिया। इस अवसर पर अवर अभियंता हरिनंदन राय, एसएसओ हेमंत मौर्य, अमृतलाल यादव, प्रवीण कुमार सिंह, सतीश पाल, विपिन कुमार मौर्य, सरोज मौर्य, विनय कुमार सिंह, भीम मौर्य सहित अन्य विद्युत कर्मचारी उपस्थित रहे।