screenshot

श्रमिकों की संख्या बढाकर मशीनरी सहित अन्य संसाधन उपलब्ध कराकर कार्य में तेजी लायें: डीएम

Bharat Ka News

 श्रमिकों की संख्या बढाकर मशीनरी सहित अन्य संसाधन उपलब्ध कराकर कार्य में तेजी लायें: डीएम

जौनपुर। जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जल जीवन मिशन की समीक्षा बैठक हुई जहां विभिन्न ग्रामों में संचालित पेयजल परियोजनाओं की प्रगति, रोड रेस्टोरेशन, कार्यों की गुणवत्ता तथा निर्धारित समय सीमा के भीतर परियोजनाओं को पूर्ण कराने की समीक्षा की गयी। बैठक में प्रत्येक घर तक शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने, पाइपलाइन बिछाने, घरेलू नल कनेक्शन, ओवरहेड टैंक निर्माण तथा जलापूर्ति व्यवस्था के नियमित संचालन की विस्तार से समीक्षा की गई। निर्देश दिया कि कार्य पूर्ण होने के उपरांत क्षतिग्रस्त सड़कों का रोड रेस्टोरेशन एवं साफ-सफाई का कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराया जाय।

जिलाधिकारी ने भूमि विवाद एवं विद्युत आपूर्ति से संबंधित समस्याओं का संबंधित विभागों के अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। जिन स्थानों पर कार्य धीमी गति से संचालित हो रहे हैं, वहां पर श्रमिकों की संख्या बढाकर, मशीनरी सहित अन्य आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराकर कार्य में तेजी लाई जाय। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिशासी अभियंता जल निगम और अन्य संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्थाओं को निर्देशित किया कि सभी परियोजनाओं को गुणवत्ता के साथ समयबद्ध रूप से पूर्ण कराया जाय।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जलापूर्ति से संबंधित शिकायतों का त्वरित निस्तारण किया जाए तथा नियमित स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए। साथ ही परियोजनाओं की सतत निगरानी करते हुए शासन को समय-समय पर अद्यतन प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाय। सभी विभाग एवं कार्यदायी संस्थाएं टीम भावना के साथ कार्य करें। पानी पहुंचाना हम सबकी जिम्मेदारी है। उन्होंने पाइपलाइन को क्षति पहुंचाने वाली संस्थाओं एवं एजेंसियों के विरुद्ध नोटिस जारी करने के निर्देश दिये।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जल सारथी मोबाइल ऐप का व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाय, ताकि अधिक से अधिक ग्रामीण नागरिक इस ऐप का उपयोग कर सकें। जल सारथी ऐप के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों की पेयजल योजनाओं की रीयल टाइम जानकारी, योजना की स्थिति, शिकायत निवारण, ग्राम पंचायत संबंधी जानकारी सहित अन्य महत्वपूर्ण सेवाएं एक क्लिक पर उपलब्ध हैं, इसलिए सभी संबंधित विभाग आमजन को ऐप डाउनलोड करने एवं उसके उपयोग के लिए जागरूक करें।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, जिला विकास अधिकारी मीनाक्षी देवी, अधिशासी अभियंता जल निगम ग्रामीण सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!