महिलाओं के सम्मान और अधिकार को बताया राष्ट्र निर्माण की आधारशिला
विपक्ष पर अधिनियम पारित न होने देने का लगाया आरोप
जौनपुर
मंत्री नगर विकास, शहरी समग्र विकास, नगरीय विकास एवं गरीबी उन्मूलन, ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा स्रोत विभाग उत्तर प्रदेश तथा जनपद प्रभारी मंत्री ए.के. शर्मा ने कलेक्ट्रेट सभागार में नारी शक्ति वंदन अधिनियम पारित न होने के मुद्दे पर मीडिया प्रतिनिधियों के साथ प्रेस वार्ता की। इस दौरान उन्होंने महिला जन आक्रोश अभियान के उद्देश्य और सरकार की मंशा पर विस्तार से प्रकाश डाला।
प्रभारी मंत्री ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति में नारी को सदैव सर्वोच्च स्थान दिया गया है। उन्होंने शास्त्रों का उल्लेख करते हुए कहा, “यत्र नार्यस्तु पूज्यन्ते, रमन्ते तत्र देवता:” अर्थात जहां नारी का सम्मान होता है, वहां देवताओं का वास होता है। उन्होंने कहा कि हमारे समाज, संस्कृति और परंपराओं में महिलाओं को देवी स्वरूप माना गया है और देश के विकास, परिवार की मजबूती तथा सामाजिक उन्नति में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही है।
उन्होंने कहा कि जब तक महिलाओं को उनका समुचित सम्मान और अधिकार नहीं मिलेगा, तब तक राष्ट्र की पूर्ण समृद्धि संभव नहीं है। इसी सोच के साथ प्रधानमंत्री Narendra Modi के नेतृत्व में नारी शक्ति वंदन अभियान की परिकल्पना की गई। वर्ष 2023 में इस दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए गए थे और इस माह कुछ आवश्यक संशोधनों के लिए संसद का विशेष अधिवेशन बुलाया गया था, ताकि इसे विधिक स्वरूप प्रदान किया जा सके।
प्रभारी मंत्री ने आरोप लगाया कि विपक्षी दलों के विरोध के कारण यह अधिनियम पारित नहीं हो सका। उन्होंने इसे नारी शक्ति का अपमान बताते हुए कहा कि देश की महिलाएं इससे आहत और आक्रोशित हैं। उन्होंने कहा कि सरकार महिलाओं के अधिकारों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है और जब तक महिलाओं को इस अधिनियम के अंतर्गत उनका हक नहीं मिल जाता, तब तक प्रयास जारी रहेंगे।
उन्होंने मीडिया प्रतिनिधियों से अपील की कि इस संदेश को जन-जन तक पहुंचाया जाए, ताकि समाज में महिलाओं के सम्मान और अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़े।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद सीमा द्विवेदी, विधायक बदलापुर रमेश चंद्र मिश्रा, विधायक मड़ियाहूं डॉ. आर.के. पटेल, नगर पालिका अध्यक्ष मनोरमा मौर्य, भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति, डॉ. अजय सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी तथा प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के पत्रकार उपस्थित
