screenshot

जौनपुर में 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान का हुआ कार्यक्रम

Bharat Ka News


 जौनपुर में 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान का हुआ कार्यक्रम

जौनपुर। उत्तर प्रदेश सरकार के पौधरोपण महायज्ञ-2026 के अन्तर्गत सामाजिक वानिकी प्रभाग द्वारा 'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान के तहत जनपद में यह आयोजन उत्साह के साथ सम्पन्न हुआ। मुख्य कार्यक्रम विकास खंड करंजाकला के ग्राम काफरपुर में हुआ जिसके अतिरिक्त जनपद की समस्त तहसीलों एवं ब्लाकों में भी व्यापक स्तर पर यह आयोजन हुआ। कार्यक्रम के शुभारम्भ से पहले अतिथियों का स्वागत किया गया। तत्पश्चात राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) खेल एवं युवा कल्याण गिरीश चन्द्र यादव एवं विधान परिषद सदस्य बृजेश सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित करके कार्यक्रम का शुभारम्भ किया। दीप प्रज्ज्वलन से पहले राज्यमंत्री श्री यादव, एमएलसी श्री सिंह, जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने 'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान के अन्तर्गत विधिवत पूजन-अर्चन के उपरांत पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित उत्तर प्रदेश के निर्माण का संदेश दिया गया।
इसके उपरांत राज्यमंत्री, एमएलसी एवं जिलाधिकारी ने कृषि विभाग, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, उद्यान विभाग, वन विभाग सहित अन्य विभागों द्वारा लगाये गये प्रदर्शनी स्टॉलों का फीता काटकर उद्घाटन किया। साथ ही विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन कर विभागीय योजनाओं एवं गतिविधियों की जानकारी प्राप्त करते हुये उपस्थित आमजन एनसीसी के वॉलिंटियर्स सहित अन्य उपस्थित जनों को पौधों का वितरण कर अधिक से अधिक वृक्षारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम के अतिथियों का स्वागत करते हुये जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में इस वर्ष 60,73,400 पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। मुख्य कार्यक्रम स्थल पर आज 1001 पौधों का रोपण किया गया। पौधरोपण तभी सार्थक होगा, जब लगाए गए पौधों का समुचित संरक्षण सुनिश्चित किया जाए। अब हमारी सबसे बड़ी जिम्मेदारी आज लगाए गए पौधों को जीवित रखना है। इसके लिए पौधों की नियमित सिंचाई, फेंसिंग, सुरक्षा एवं समुचित रखरखाव सुनिश्चित किया जाए, ताकि अधिकतम पौधे जीवित रह सकें। संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक पौधे की जियो-टैगिंग समयबद्ध रूप से कराई जाए तथा सभी विभाग अपने निर्धारित लक्ष्य को गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करें जिससे जनपद की हरियाली निरंतर बढ़े।
राज्यमंत्री ने कहा कि पौधरोपण पर्यावरण संरक्षण का अत्यंत महत्वपूर्ण अभियान है। इस वर्ष उत्तर प्रदेश में 35 करोड़ तथा जौनपुर में 60,73,400 पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभियान को सफल बनाने की जिम्मेदारी शासन-प्रशासन के साथ समाज के प्रत्येक व्यक्ति की भी है। वर्तमान की आवश्यकता अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उन्हें सुरक्षित एवं संरक्षित रखने की है, ताकि पर्यावरण संतुलित रहे और आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं हरित वातावरण प्राप्त हो।
विधान परिषद सदस्य ने कहा कि 'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान से जुड़ने पर वृक्षारोपण का महत्व और बढ़ जाता है। माँ के नाम से पौधा लगाने से उसके प्रति वात्सल्य और अपनत्व का भाव विकसित होता है जिससे उसके संरक्षण की भावना भी प्रबल होती है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आह्वान पर पूरा प्रदेश इस अभियान से जुड़ा है। आज ग्राम काफरपुर में जिस स्थान पर पौधरोपण किया गया है, आने वाले वर्षों में वही स्थान घने एवं हरे-भरे वन के रूप में विकसित हो, यही हम सभी का लक्ष्य होना चाहिए।
अन्त में डीएफओ दिव्या जी ने मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, जिलाधिकारी, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उपस्थित ग्रामीणों के प्रति आभार व्यक्त किया। साथ ही उन्होंने विश्वास दिलाया कि लगाये गये पौधों की नियमित सिंचाई, सुरक्षा, जियो-टैगिंग एवं समुचित देखभाल सुनिश्चित की जाएगी, ताकि वे विकसित होकर जनपद को हरा-भरा बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें। उन्होंने ग्रामवासियों से भी पौधों के संरक्षण एवं संवर्धन में सक्रिय सहयोग देने की अपील करते हुए कहा कि जनसहभागिता से ही 'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान अपने उद्देश्य को पूर्ण रूप से प्राप्त करेगा।
इस अवसर पर प्रमुख प्रतिनिधि सुनील यादव, क्षेत्राधिकारी नगर/सहायक पुलिस अधीक्षक गोल्डी गुप्ता आईपीएस, परियोजना निदेशक, जिला सूचना अधिकारी मनोकामना राय, जिला उद्यान अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, खंड विकास अधिकारी सहित जनप्रतिनिधिगण, प्रशासनिक अधिकारी, वन विभाग के अधिकारी, विभिन्न विभागों के कर्मचारी, स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधि के अलावा तमाम लोग उपस्थित रहे।
006

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!